नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर, कफ सिरप के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
छग
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकण्डा थाना और चौकी मोपका पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से ब्राउन शुगर, हेरोइन और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। पहली कार्रवाई सरकण्डा थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने आरोपी पप्पू श्रीवास उर्फ गुड्डू श्रीवास, निवासी सिविल लाइन, को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 3.92 ग्राम ब्राउन शुगर, 7.50 ग्राम हेरोइन, 20 नग प्रतिबंधित कफ सिरप और एक एक्टिवा स्कूटी (CG 12 BF 4767) जप्त की गई। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख 72 हजार 500 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरी कार्रवाई चौकी मोपका पुलिस ने बायपास रोड स्थित धान मंडी के पास घेराबंदी कर की।
यहां पुलिस ने आरोपी सुभाष देवांगन, निवासी चिंगराजपारा सरकण्डा, को पकड़ा। उसके कब्जे से 13 नग प्रतिबंधित Onerex कफ सिरप बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 13 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन और नेटवर्क का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
जो शहर में नशीले पदार्थों की आपूर्ति में सक्रिय है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही युवाओं से अपील की गई है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।