Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर जिले के हिर्री थाना क्षेत्र में पुलिस ने कोयला हेराफेरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए कोल डिपो मालिक, वाहन मालिक और तीन ट्रेलर चालकों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर उच्च गुणवत्ता वाले कोयले को रास्ते में बदलकर निम्न गुणवत्ता का कोयला भरने और आर्थिक लाभ कमाने का आरोप है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी आशीष केशरी, निवासी पेण्ड्रा, कोयला परिवहन एवं लिफ्टिंग का कार्य करता है। उसने शिकायत दर्ज कराई थी कि एसईसीएल अमेरा विश्रामपुर क्षेत्र की खदान से जी-6 श्रेणी का उच्च गुणवत्ता वाला कोयला तीन ट्रेलरों में लोड कर गोपाल स्पंज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड, सिलतरा भेजा गया था। लेकिन रास्ते में ही कोयले में हेराफेरी की गई। आरोप है कि पेण्ड्रीडीह चौक के पास वाहन मालिक गंगा प्रसाद साहू और उसके साथियों ने ट्रेलरों को नरेश अग्रवाल के कोल डिपो में ले जाकर प्रत्येक ट्रेलर से लगभग पांच-पांच टन उच्च गुणवत्ता वाला कोयला निकाल लिया। इसके बाद ट्रेलरों में 4700 जीसीवी का निम्न गुणवत्ता वाला कोयला भरकर उसे आगे प्लांट की ओर रवाना कर दिया गया।
मामले की शिकायत पर हिर्री थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत धारा 316(3), 317(4) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शिकायत को सही पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक डी.आर. टंडन के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही कोयले के सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने डिपो मालिक नरेश अग्रवाल, वाहन मालिक गंगा प्रसाद साहू तथा ट्रेलर चालक फिरोज अंसारी, निसार अंसारी और इमरान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मामला संगठित तरीके से की गई आर्थिक हेराफेरी का प्रतीत होता है, जिसमें परिवहन के दौरान माल की गुणवत्ता बदलकर अवैध लाभ कमाया जा रहा था। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि खनिज और औद्योगिक सामग्री के परिवहन में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या हेराफेरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।