रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, दो महिलाएं समेत चार तस्कर गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-12 12:33 GMT
Raipur. रायपुर। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के अभियान के तहत जीआरपी बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन बिलासपुर से अवैध गांजा तस्करी करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 55 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 27 लाख 57 हजार 500 रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर जीआरपी ने की कार्रवाई
रेल पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन और रेल संभाग बिलासपुर के उप पुलिस अधीक्षक तोबियस खाखा के मार्गदर्शन में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों के माध्यम से होने वाली मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 11 जुलाई 2026 को जीआरपी थाना बिलासपुर को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग रेलवे स्टेशन परिसर में गांजा लेकर तस्करी की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर जीआरपी टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को पकड़ा और तलाशी ली।

32 पैकेटों में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस जांच में आरोपियों के पास से 32 अलग-अलग पैकेट मिले। इन पैकेटों में गांजा रखा हुआ था। बरामद गांजे का कुल वजन 55 किलो 150 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की।

चार आरोपी गिरफ्तार, दो महिलाएं भी शामिल
जीआरपी पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है
पंकजनी बेहरा (40 वर्ष)
पति राधे बेहरा, निवासी ग्राम धनुपाली, थाना धनुपाली, जिला संबलपुर (ओडिशा)
रीना पटनायक (60 वर्ष)
पति स्वर्गीय राम पटनायक, निवासी ग्राम आडापारा, थाना जुजुमुरा, जिला संबलपुर (ओडिशा)
आयुष कुशवाहा (18 वर्ष)
पिता मुकेश कुशवाहा, निवासी ग्राम डेडतलई, थाना डेडतलई, जिला बुरहानपुर (मध्यप्रदेश)
हितेश कुमार भोई (18 वर्ष)
पिता सोरू भोई, निवासी ग्राम आडापारा, थाना जुजुमुरा, जिला संबलपुर (ओडिशा)
पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े हुए हैं और रेलवे माध्यम से गांजे की तस्करी करने की कोशिश कर रहे थे।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
जीआरपी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामला अपराध क्रमांक 79/2026 के तहत दर्ज कर 12 जुलाई 2026 को सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 जुलाई 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

रेलवे मार्ग से तस्करी रोकने पुलिस की कार्रवाई तेज
रेलवे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों के जरिए
मादक पदार्थों
की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। इसी का परिणाम है कि बड़ी मात्रा में गांजा जब्त कर तस्करों को पकड़ा गया। पूरी कार्रवाई में जीआरपी बिलासपुर थाना प्रभारी के इंचार्ज सहायक उपनिरीक्षक विश्वनाथ चक्रवर्ती सहित थाना स्टाफ और रेल सुरक्षा बल बिलासपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रेल पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News