Mahasamund. महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय सीमा पर वाहन चेकिंग के दौरान थाना सिंघोड़ा और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने एक कंटेनर से 111.350 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के तीन और ओडिशा के चार लोगों समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 55 लाख 67 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, जिले में गांजा की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर कार्रवाई के लिए पुलिस एवं ANTF की टीम लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कंटेनर वाहन क्रमांक RJ 14 GV 0484 में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लाया जा रहा है। कंटेनर की पायलटिंग KIA कैरेंस कार क्रमांक OD 11 AC 3003 से किए जाने की जानकारी भी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने NH-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की।

कुछ समय बाद संदिग्ध KIA कैरेंस कार पहुंची और उसके पीछे बताए गए नंबर का कंटेनर भी आया। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ शुरू की। कार में चार लोग सवार थे। उनकी पहचान ओडिशा निवासी सुजीत स्वाई (32), मानस रंजन (40), कृष्णचंद प्रधान (50) और आनंद साहू (24) के रूप में हुई। वहीं कंटेनर में उत्तर प्रदेश निवासी इरफान अली (33), शिवम सिंह पाल (26) और आरिफ अली (23) सवार मिले। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कार सवार लोगों ने कंटेनर की संबलपुर से पायलटिंग करने की बात कही। कंटेनर के संबंध में पूछे जाने पर कथित तौर पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। विस्तृत पूछताछ में कंटेनर में गांजा होने की जानकारी सामने आई। पुलिस का दावा है कि गांजा ओडिशा के संबलपुर जिले के रेडाखोल क्षेत्र से लोड कर महाराष्ट्र के नागपुर ले जाने की योजना थी। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कंटेनर की तलाशी ली। इस दौरान 111.350 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 55 लाख 67 हजार 500 रुपए आंकी गई है।


गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जाने के आरोप में करीब 40 लाख रुपए कीमत का कंटेनर और लगभग 8 लाख 50 हजार रुपए कीमत की KIA कैरेंस कार भी जब्त की गई है। इसके अलावा आरोपियों के पास से नौ मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 92 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक गांजा, कंटेनर, कार और मोबाइल फोन मिलाकर कुल 1 करोड़ 5 लाख 9 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने परिवहनकर्ता के रूप में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी इरफान अली, कानपुर देहात निवासी शिवम सिंह पाल और प्रतापगढ़ निवासी आरिफ अली को गिरफ्तार किया है। वहीं पायलट वाहन में सवार ओडिशा के सुजीत स्वाई, मानस रंजन, कृष्णचंद प्रधान और आनंद साहू को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले में थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 116/2026 दर्ज किया गया है। सातों आरोपियों के खिलाफ
एनडीपीएस एक्ट
की धारा 20(B)(II)(C) और 29(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। महासमुंद पुलिस के अनुसार, अंतर्राज्यीय सीमा से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और वाहन चेकिंग की जा रही है। इस कार्रवाई में मुखबिर से मिली सटीक सूचना और पुलिस व ANTF के बीच समन्वय के कारण आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली। पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसकी सप्लाई चेन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
Tags: