शिक्षक आत्महत्या मामले में बड़ी कार्रवाई, ठेकेदार गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-25 13:20 GMT
Bijapur. बीजापुर। जिले में शिक्षक आत्महत्या मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ठेकेदार देवाशीष मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की सूक्ष्म जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। यह मामला बीते बुधवार का है, जब चेरपाल निवासी एवं पालनार स्कूल के प्रधान अध्यापक राजू पुजारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस जांच के दौरान मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें तीन लोगों देवाशीष मंडल (ठेकेदार), शैलेष वासम और डोंगरे सर को उनकी मौत के लिए जिम्मेदार बताया गया है। सुसाइड नोट में यह भी लिखा गया था कि उनके परिवार की जिम्मेदारी इन्हीं लोगों पर है।

घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। परिजनों और तेलंगा समाज के लोगों ने जिला अस्पताल के सामने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने “हमें न्याय चाहिए”, “प्रताड़ना बंद करो” और “आरोपियों को गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाए थे। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया कि पालनार स्कूल भवन निर्माण में अनियमितता और भुगतान को लेकर दबाव बनाया जा रहा था, जिससे शिक्षक मानसिक तनाव में थे। उन्होंने कहा कि लगभग 20 लाख 30 हजार रुपये की लागत से भवन निर्माण चल रहा था, लेकिन कार्य की गुणवत्ता बेहद खराब थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधूरे कार्य के बावजूद भुगतान का दबाव बनाया जा रहा था।

जिससे यह दुखद घटना हुई। विधायक ने यह भी मांग की कि मामले में शामिल सभी लोगों, चाहे वे किसी भी स्तर पर हों, उनकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं बीजापुर कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस कार्रवाई के बाद पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है, जबकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर कोण से जांच की जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
Tags:    

Similar News