शादी का झांसा देकर दुष्कर्म पर बड़ा एक्शन, आरोपी के माता-पिता और भाई भी गिरफ्तार
छग
Balrampur. बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शंकरगढ़ पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी के माता-पिता और भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान वर्ष 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से कमिल यादव से हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
शादी का भरोसा देकर ले गए घर, फिर शुरू हुई प्रताड़ना
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2025 में जब आरोपी के परिजनों को इस संबंध की जानकारी हुई तो आरोपी के पिता, भाई और अन्य परिजन उसके घर पहुंचे। उन्होंने शादी कराने का आश्वासन देकर उसे अपने साथ ले जाने की बात कही। इसके बाद पीड़िता को आरोपी के घर ले जाया गया। पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद ही स्थिति बदल गई और मार्च 2026 से उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना शुरू कर दी गई। लगातार उत्पीड़न के बाद बाद में उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद शंकरगढ़ थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मुख्य आरोपी कमिल यादव को 12 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।
जांच में सामने आई परिजनों की भूमिका
मामले की आगे की जांच में आरोपी के पिता राजकुमार यादव, माता सविता उर्फ सरिता यादव और भाई गनेश्वर यादव की भूमिका भी सामने आई। पुलिस ने पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीनों को गिरफ्तार किया। इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य पहलुओं पर भी गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को गंभीरता से लिया जा रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस लगातार पूरे प्रकरण की निगरानी कर रही है।