मैट्रिमोनियल ऐप पर दोस्ती पड़ी महंगी, शिक्षिका से लाखों ठगने वाला गिरफ्तार
छग
Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मैट्रिमोनियल ऐप के जरिए एक विधवा शिक्षिका से दोस्ती कर शादी और रायपुर ट्रांसफर कराने का झांसा देकर 5 लाख 90 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को सिंचाई विभाग का क्लर्क बताकर उच्च अधिकारियों से पहचान होने का दावा किया था। उसने शिक्षिका को भरोसा दिलाया कि वह उनका ट्रांसफर रायपुर के आसपास करा देगा और इसके बाद उनसे शादी कर साथ रहेगा। आरोपी की बातों पर विश्वास कर शिक्षिका ने बैंक से 6 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया और उसे 5.90 लाख रुपये सौंप दिए। शिकायत मिलने के बाद दुर्ग कोतवाली पुलिस ने आरोपी अर्जुन कसेर (34) को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है।
मैट्रिमोनियल ऐप पर हुई थी आरोपी से पहचान
पुलिस के अनुसार, पीड़िता सुषमा ठाकुर (36) दुर्ग के नयापारा की रहने वाली हैं। उनके पति का 24 अक्टूबर 2024 को निधन हो गया था। वह शासकीय प्राथमिक शाला नवागांव (पुस्दा), विकासखंड धमधा में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में उनकी सास और दो नाबालिग बच्चे हैं। 23 मई 2026 को मैट्रिमोनियल ऐप के माध्यम से उनकी पहचान अर्जुन कसेर से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को तलाकशुदा और सिंचाई विभाग में क्लर्क बताया। उसने शिक्षिका के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन शिक्षिका ने पारिवारिक जिम्मेदारियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का हवाला देते हुए तत्काल शादी करने से इनकार कर दिया।
रायपुर ट्रांसफर कराने के नाम पर मांगे 7 लाख
आरोप है कि शादी के प्रस्ताव के बाद अर्जुन कसेर ने शिक्षिका को रायपुर के आसपास ट्रांसफर कराने का भरोसा दिलाया। उसने दावा किया कि वह इंद्रावती भवन, सेक्टर-19 में पदस्थ है और उच्च अधिकारियों से उसकी अच्छी पहचान है। आरोपी ने शिक्षिका से कहा कि ट्रांसफर के लिए करीब 7 लाख रुपये खर्च होंगे। उसने प्रस्ताव दिया कि शिक्षिका 6 लाख रुपये की व्यवस्था कर दें और बाकी एक लाख रुपये वह स्वयं मिलाएगा। साथ ही उसने भरोसा दिलाया कि रायपुर ट्रांसफर होने के बाद वह उनसे शादी कर साथ रहेगा।
बैंक से लोन लेकर आरोपी को सौंपे 5.90 लाख
आरोपी की बातों में आकर सुषमा ठाकुर ने एसबीआई की मालवीय नगर शाखा, दुर्ग से 6 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया। इसके बाद उन्होंने आरोपी के बताए मोबाइल नंबर पर फोन-पे के माध्यम से 90 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। 30 मई 2026 को शिक्षिका 5 लाख रुपये नकद लेकर दुर्ग से रायपुर पहुंचीं। आरोपी ने उन्हें तेलीबांधा थाना के पास बुलाया और वहां से एक रेस्टोरेंट ले गया। आरोप है कि उसने नकदी सुरक्षित रखने की बात कहकर अपने पास रख ली। इसके बाद वह अधिकारियों को रकम देने का दावा करते हुए शिक्षिका की एक्टिवा लेकर चला गया। करीब एक घंटे बाद लौटकर उसने बताया कि सीईओ और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पैसे दे दिए हैं और जल्द ही ट्रांसफर हो जाएगा।
दस्तावेज मांगने पर बहाने बनाने लगा आरोपी
शिक्षिका ने 1 जून को अर्जुन कसेर से उसका तलाक प्रमाण पत्र और सिंचाई विभाग में नौकरी का ज्वाइनिंग आदेश मांगा। इस पर आरोपी ने दस्तावेज पिता के पास होने और पारिवारिक परेशानी का हवाला देकर बात टाल दी। इसके बाद शिक्षिका को उसकी बातों पर संदेह होने लगा। 4 जून को उन्होंने शादी और ट्रांसफर के वादे पूरे नहीं होने पर अपने 5 लाख 90 हजार रुपये वापस मांगे। आरोप है कि आरोपी रकम लौटाने के बजाय लगातार टालमटोल करता रहा।
दूसरी महिला से भी 1.50 लाख की ठगी का आरोप
पुलिस जांच में आरोपी अर्जुन कसेर का नाम स्मृति नगर चौकी के एक अन्य मामले में भी सामने आया है। आरोप है कि उसने एक महिला को कृषि विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इस मामले में भी उसने खुद को सिंचाई विभाग का क्लर्क बताकर महिला से 1 लाख 50 हजार रुपये लिए थे। पुलिस अब आरोपी से जुड़े मामलों की जांच कर रही है।
ओडिशा से गिरफ्तार हुआ आरोपी
पीड़िता सुषमा ठाकुर की शिकायत पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अर्जुन कसेर (34), निवासी सारंगढ़, छत्तीसगढ़ को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में शादी और सरकारी ट्रांसफर का भरोसा दिलाकर शिक्षिका से लाखों रुपये लेने का आरोप सामने आया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी हुई है।