Raipur. रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध कबाड़ के परिवहन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। टाटा 1109 वाहन से करीब 9,940 किलोग्राम कबाड़ बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक चालक कबाड़ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या स्वामित्व प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर कबाड़ और परिवहन में इस्तेमाल वाहन जब्त कर लिया गया। जब्त वाहन और कबाड़ की कुल कीमत करीब 9.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनंजय पासवान (25) के रूप में की है। वह बिहार के औरंगाबाद जिले का रहने वाला है। उसके खिलाफ विधानसभा थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
मुखबिर से मिली थी कबाड़ आने की सूचना
पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर 2026 को विधानसभा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक टाटा वाहन में बड़ी मात्रा में कबाड़ लादकर एक व्यक्ति विधानसभा की ओर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने सूचना की तस्दीक करने और संदिग्ध वाहन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी विधानसभा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन को पकड़ने के लिए ट्रैप पार्टी तैयार की। टीम ने संभावित मार्गों पर पेट्रोलिंग शुरू कर वाहन की तलाश की।
टेकारी के पास घेराबंदी कर रोका वाहन
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को रिंग रोड नंबर-3 पर टेकारी के पास संदिग्ध टाटा 1109 वाहन दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रुकवाया और उसकी जांच की। जांच में टाटा 1109 वाहन क्रमांक CG 04 NU 8726 में बड़ी मात्रा में कबाड़ भरा हुआ मिला। पुलिस ने वाहन चला रहे धनंजय पासवान से कबाड़ के परिवहन और स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज मांगे। पुलिस के अनुसार चालक कबाड़ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या स्वामित्व प्रमाण पेश नहीं कर सका।
वजन कराया तो निकला 9940 किलो कबाड़
वाहन की विस्तृत जांच में करीब 9,940 किलोग्राम कबाड़ सामान मिला। दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस ने कबाड़ को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया। इसके साथ ही कबाड़ के परिवहन में इस्तेमाल टाटा 1109 वाहन को भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार वाहन सहित जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 20 हजार रुपये है।
चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज
पुलिस ने आरोपी धनंजय पासवान पिता कामेश्वर पासवान, उम्र 25 वर्ष, निवासी घानाटोला, इटवा बीघा, थाना जम्होर, जिला औरंगाबाद, बिहार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ विधानसभा थाने में इस्तगासा क्रमांक 01/26, धारा 35(1)(ई) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस अब जब्त कबाड़ के स्रोत और उसके स्वामित्व से संबंधित जानकारी की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में कबाड़ कहां से लाया गया और इसे कहां ले जाया जा रहा था।