Marwahi. मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ठिकानों पर छापेमारी की है। गौरेला वन परिक्षेत्र की रेंजर ज्योत्सना मिश्रा के नेतृत्व में वन अमले ने गुप्त सूचना के आधार पर तरईगांव क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध लकड़ी और अर्धनिर्मित फर्नीचर जब्त किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। वन विभाग को लगातार सूचना मिल रही थी कि तरईगांव क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति के कीमती लकड़ियों का संग्रहण और उनसे फर्नीचर तैयार करने का काम किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वन विभाग की टीम ने पूरी तैयारी के साथ कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद बढ़ावनदांड बढ़वापारा क्षेत्र में रहने वाले नन्हू भैना और भोलू के ठिकानों पर अचानक दबिश दी गई।

छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम ने दोनों स्थानों की बारीकी से तलाशी ली। तलाशी में मौके से सागौन के चिरान, साल प्रजाति की लकड़ी के फट्टे और बड़ी संख्या में अर्धनिर्मित फर्नीचर बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लकड़ी से फर्नीचर बनाने का काम बिना किसी वैध अनुमति और दस्तावेजों के किया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने मौके पर मिली सभी लकड़ियों और तैयार किए जा रहे फर्नीचर को जब्त कर लिया। जब्त सामग्री को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। विभाग अब लकड़ियों की मात्रा, प्रजाति और उनके स्रोत की जांच कर रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्हें कहां से लाया गया था और इसमें कितने लोगों की संलिप्तता है। वन अधिकारियों के अनुसार, जंगलों से अवैध रूप से लकड़ी काटना और उसका कारोबार करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। इसी के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गौरेला वन परिक्षेत्र की इस कार्रवाई को अवैध लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। वन विभाग का कहना है कि जिले में जंगलों की सुरक्षा और वन संपदा को बचाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। अवैध कटाई, लकड़ी परिवहन और बिना अनुमति फर्नीचर निर्माण जैसे मामलों में विभाग
सख्त कार्रवाई
करेगा। वन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों, जंगल से लगे इलाकों और संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों पर लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से लकड़ी कटाई, संग्रहण या बिक्री की जानकारी मिलती है तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई में वन विभाग की टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अवैध लकड़ी कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है। आने वाले दिनों में भी वन विभाग द्वारा इसी तरह के अभियान जारी रखने की बात कही गई है।
Tags: