Mungeli. मुंगेली। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई करते हुए लोरमी पुलिस ने शासकीय नल जल योजना के तहत रखे गए लोहे के पाइप चोरी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी के मामले के मुख्य सरगना अमित सिंह ठाकुर को रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में लोरमी पुलिस लगातार चोरी के मामले में फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
मामला थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम गोड़खाम्ही नहर रोड गाड़ाटोला मोड़ का है। यहां शासकीय नल जल योजना के निर्माण कार्य के लिए लोहे के डीआई पाइप रखे गए थे। निर्माण स्थल पर रखे 30 नग पाइप में से 24 नग डीआई पाइप चोरी हो गए थे। चोरी किए गए पाइपों की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई थी। इस मामले में प्रार्थी बालगा भास्कर राव निवासी खरजाड़ा थाना जिला श्रीकाकुलम आंध्रप्रदेश, हाल मुकाम मुंगेली ने 26 जून 2026 को थाना लोरमी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 272/2026 दर्ज कर धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी किए गए लोहे के पाइप को मध्यप्रदेश के अनुपपुर-शहडोल मार्ग स्थित कुदौली क्षेत्र के एक कबाड़ी दुकान में बेचा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कबाड़ी दुकान संचालक अनुज कुमार नामदेव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए पाइप को ट्रक क्रमांक सीजी 04 एमजी 3817 के माध्यम से लाया गया था। आरोपी ने मुख्य आरोपी अमित सिंह ठाकुर और ट्रक चालक से पाइप खरीदने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी दुकान से चोरी किए गए पाइप बरामद किए।
पुलिस ने इस मामले में कबाड़ी दुकान संचालक अनुज कुमार नामदेव पिता कृष्ण कुमार नामदेव उम्र 20 वर्ष निवासी पोड़ी थाना एवं जिला अनुपपुर मध्यप्रदेश को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। इसके अलावा चोरी की घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया था। मामले का मुख्य आरोपी अमित सिंह ठाकुर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। लोरमी पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। पुलिस को मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जानकारी मिली कि आरोपी रायपुर में छिपा हुआ है।
इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 16 अगस्त 2026 को आरोपी अमित सिंह ठाकुर पिता ज्ञानेन्द्र सिंह उम्र 29 वर्ष निवासी छोटे अतरगुड़ा थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़, हाल मुकाम संतोषीनगर रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया और 17 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से सरकारी योजना की सामग्री चोरी करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई हुई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव सहित प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, आरक्षक राजू साहू, देवी नवरंग, दिलेश्वर साहू, रेखराम नेताम, कवि टोप्पो और ईश्वर मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags: