Baloda Bazar. बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र में पागल कुत्तों के हमलों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। तीन अलग-अलग गांवों में कुत्तों ने पांच लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को तत्काल पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सीएचसी पलारी के चिकित्सक डॉ. बीएस ध्रुव ने बताया कि हमले में घायल सभी मरीजों को गहरे जख्म आए हैं। अधिकांश घायलों की उम्र अधिक होने के कारण उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुत्तों के काटने से कई मरीजों के शरीर पर गंभीर घाव बने, जिन पर टांके लगाने पड़े हैं।
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, शंकर लाल वर्मा को 15 टांके लगाए गए हैं, जबकि रजनी चंद्राकर को भी 15 टांके लगाने पड़े। वहीं रेखा रात्रे के पैर में गंभीर चोट आने के कारण 20 टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा पवन बंजारे (63 वर्ष, बिनौरी) और एक अन्य पीड़ित का उपचार जारी है। चिकित्सकों ने सभी की हालत स्थिर बताई है, हालांकि उन्हें कुछ दिनों तक चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता रहेगी। पहली घटना ग्राम वटगन में हुई, जहां सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले 65 वर्षीय शंकर लाल वर्मा पर एक पागल कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके पैर को बुरी तरह काट लिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उसी कुत्ते ने 70 वर्षीय रजनी चंद्राकर को भी निशाना बनाया। हमले में उनके हाथ और पैर पर गहरे जख्म आए।
दूसरी घटना ग्राम नवागांव में सामने आई, जहां रेखा रात्रे घर से गोबर थापने जा रही थीं। इसी दौरान गली में घूम रहे एक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और उनके पैर को काट लिया। अचानक हुए हमले से महिला दर्द से कराह उठीं, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आवारा और आक्रामक कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे आए दिन खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पागल कुत्तों को पकड़ने तथा उचित नियंत्रण के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी लोगों से सतर्क रहने, बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर न भेजने तथा किसी भी कुत्ते के काटने की घटना पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है।