Raipur. रायपुर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के नवनिर्मित विधानसभा भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लोकसभा अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया। एयरपोर्ट से ओम बिरला सीधे राजभवन पहुंचे, जहां राज्यपाल रामेन डेका ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। दोनों के बीच राज्य के विकास और संसदीय परंपराओं को सशक्त करने से जुड़ी चर्चा हुई।

लोकसभा अध्यक्ष के स्वागत के लिए रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वागत करने वालों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, प्रदेश सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी, पूर्व सांसद दिनेश गांधी, पिंकी शिवराज शाह, जिला अध्यक्ष रायपुर शहर रमेश सिंह ठाकुर और आकाश विग शामिल थे।

नए विधानसभा भवन के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर राजधानी रायपुर में राजनीतिक माहौल उत्साहपूर्ण है। ओम बिरला का यह दौरा राज्य की राजनीति और संसदीय कार्यप्रणाली के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि ओम बिरला विधानसभा भवन के औपचारिक उद्घाटन कार्यक्रम के साथ ही राज्य के जनप्रतिनिधियों को संसदीय मर्यादाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों पर संबोधित करेंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि लोकसभा अध्यक्ष का यह दौरा छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का अवसर है, क्योंकि यह राज्य के लोकतांत्रिक ढांचे को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक क्षण है।
Tags: