युवक की हत्या का लाइव वीडियो, दुर्ग में एक ही दिन चार बड़ी वारदातें

छग

Update: 2025-08-26 10:40 GMT
Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार को खून से सनी घटनाओं की एक श्रृंखला ने लोगों को दहला दिया। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से हत्या और आत्महत्या की चार बड़ी वारदातें सामने आईं, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। सबसे सनसनीखेज मामला नंदिनी थाना क्षेत्र के अहिवारा में हुआ, जहां पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। चौंकाने वाली बात यह है कि इस घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।


ढाबा में पैसों के विवाद से मर्डर
जानकारी के मुताबिक, अहिवारा रेलवे क्रॉसिंग मार्केट के पास स्थित "बिहार ढाबा" में रविवार देर शाम ढाबा संचालक आशुतोष कुमार उपाध्याय और दो युवकों के बीच तीखा विवाद हो गया। मृतक जासीम सिद्दीकी और उसका दोस्त संदेश गुप्ता करीब 80 हजार रुपये की उधारी वसूली के लिए वहां पहुंचे थे। भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी आशुतोष ने करीब छह महीने पहले गिट्टी और रेती के लिए मृतक जासीम से 80 हजार रुपये उधार लिए थे। लंबे समय से रकम न लौटाने पर जासीम और संदेश पैसे मांगने के लिए ढाबे पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने ढाबे के अंदर से चाकू उठाकर दोनों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

वीडियो वायरल, एक की मौत, दूसरा गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। चाकूबाजी की इस वारदात में जासीम बुरी तरह घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। वहीं उसका साथी संदेश गुप्ता गंभीर रूप से घायल है और फिलहाल निजी अस्पताल में जीवन-मृत्यु से जूझ रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी ढाबा संचालक को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

जिले में हत्या और आत्महत्या की चार घटनाएं
अहिवारा की इस वारदात के अलावा उसी दिन जिले के अलग-अलग इलाकों से तीन और बड़ी घटनाएं सामने आईं।
अंजोरा चौकी क्षेत्र : यहां एक शख्स की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई।
नगपुरा चौकी क्षेत्र : आमला बगीचे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव सड़ी-गली हालत में मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र : एक व्यक्ति ने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस की सख्ती और जांच
एक ही दिन में चार खून-खराबे की घटनाओं ने दुर्ग जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भिलाई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ती आपराधिक वारदातों से आम जनता दहशत में है। लोगों का कहना है कि पुलिस को देर रात ढाबों और होटलों की सघन जांच करनी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
Tags:    

Similar News