देर रात लूट की वारदात का खुलासा, हिस्ट्रीशीटर सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-26 15:31 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में देर रात हुई लूट की घटना का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर सहित दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान और घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुजल लदेर ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 और 26 अप्रैल की दरम्यानी रात वह अपने दोस्त वैभव यादव के साथ चंगोराभाठा से स्कूटी से शिवानंद नगर लौट रहा था। रात करीब 2:40 बजे जब वे कुकुरबेडा गुरुद्वारा के पीछे पहुंचे, तभी तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर डराया-धमकाया और मारपीट करते हुए वैभव यादव का आधार कार्ड तथा प्रार्थी के गले में पहनी चांदी की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए।


मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन संदीप पटेल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों से पूछताछ की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई। जांच के दौरान एक आरोपी की पहचान आकाश नायक उर्फ जेडी के रूप में हुई, जो पहले से थाना सरस्वती नगर का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने आरोपी आकाश नायक को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिग साथियों को भी हिरासत में लिया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई चांदी की चेन, आधार कार्ड और घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू जब्त किया गया। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आकाश नायक उर्फ जेडी के खिलाफ पहले से ही विभिन्न मामलों में आधा दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
Tags:    

Similar News