Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में देर रात चाकू की नोक पर लूट और मारपीट की घटना सामने आई है। घटना 26 अप्रैल 2026 की रात करीब 2:40 बजे कुकुरबेडा गुरुद्वारा के पीछे की बताई जा रही है, जहां तीन अज्ञात युवकों ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को रोककर लूटपाट की और विरोध करने पर हमला कर दिया। पीड़ित युवक, जो शिवानंद नगर स्थित साहू आटा चक्की के पास रहता है और डी फार्मा की पढ़ाई कर रहा है, ने बताया कि वह अपने दोस्त वैभव यादव के साथ चंगोराभाटा में एक अन्य मित्र विकास पटेल के घर गया था। वहां से दोनों स्कूटी क्रमांक CG04 PW9965 से रात में घर लौट रहे थे। स्कूटी वैभव चला रहा था, जबकि पीड़ित पीछे बैठा था और रास्ता देखने के लिए मोबाइल में मैप देख रहा था।
जब दोनों कुकुरबेडा गुरुद्वारा के पीछे पहुंचे, तभी तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने चाकू दिखाकर दोनों को डराया-धमकाया और उनके पास मौजूद सामान देने के लिए मजबूर किया। इसी दौरान आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट भी शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों में से एक युवक, जिसने काला टी-शर्ट और पैंट पहन रखा था, उसने वैभव यादव के बाएं पैर की जांघ में चाकू मार दिया। इस हमले में वैभव घायल हो गया। वहीं दूसरे युवक ने पीड़ित के गले से करीब 2500 रुपये कीमत की चांदी की चेन लूट ली। आरोपियों ने वैभव का आधार कार्ड भी छीन लिया।
घटना के दौरान तीनों आरोपी एक-दूसरे को ‘चीकू’, ‘भोलू’ और ‘आकाश’ नाम से पुकार रहे थे। लूटपाट के बाद तीनों आरोपी पास की गली में भाग गए। घटना से घबराए दोनों युवक सीधे अपने घर पहुंचे और परिवार वालों को पूरी जानकारी दी। मारपीट में पीड़ित के माथे, दोनों हाथ की कोहनी और बाएं घुटने में चोट आई है, जबकि वैभव यादव के पैर में चाकू लगने से गंभीर चोट आई है। इसके बाद पीड़ित ने सरस्वती नगर थाने में पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और देर रात आने-जाने वाले लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।