Raipur. रायपुर। राजधानी में लगातार तेज बारिश के कारण खारून नदी ओवरफ्लो हो गई है। नदी का पानी आसपास के इलाकों में पहुंचने से नगर निगम जोन क्रमांक 8 के संत रविदास वार्ड क्रमांक 70 के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। डिपरापारा, शक्तिघाट और चंदनीडीह के श्रीलंका नगर बस्ती क्षेत्र में फंसे लोगों को नगर निगम और एनडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी आवास और भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
खारून नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण नदी से लगे चंदनीडीह के श्रीलंका नगर, शक्तिघाट और डिपरापारा बस्ती में पानी भर गया। स्थिति को देखते हुए नगर निगम जोन 8 की टीम शनिवार सुबह करीब 5 बजे से राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। संत रविदास वार्ड के पार्षद अर्जुन यादव के साथ जोन 8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अनुराग पाटकर, अमन चंद्राकर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक रितेश झा और अन्य कर्मचारियों ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर राहत अभियान चलाया।
नगर निगम के अनुसार, डिपरापारा बस्ती से लगभग 20 प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं शक्तिघाट बस्ती से लगभग 50 परिवारों को जलभराव वाले क्षेत्र से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। प्रभावित लोगों को सामुदायिक भवन और स्कूल सरोना में पहुंचाकर उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। उनके लिए भोजन का भी इंतजाम किया गया है। इधर, खारून नदी से लगे चंदनीडीह के श्रीलंका नगर बस्ती क्षेत्र में भी भारी जलभराव की स्थिति बन गई। पानी बढ़ने के कारण बस्ती में कई लोग फंस गए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया।
एनडीआरएफ की टीम ने पहुंचते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। भारी जलभराव में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, श्रीलंका नगर बस्ती में प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के बाद उनके लिए आश्रय स्थल पर अस्थायी आवास की व्यवस्था की गई। नगर निगम जोन 8 की ओर से भोजन के पैकेट भी उपलब्ध कराए गए। राहत एवं बचाव कार्य के बीच रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने चंदनीडीह के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर एसडीएम नंदकिशोर चौबे से बाढ़ और जलभराव की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
नगर निगम की महापौर मीनल चौबे और आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर निगम के अधिकारी भी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय ने उपायुक्त जागृति साहू, स्वच्छ भारत मिशन नोडल अधिकारी एवं कार्यपालन अभियंता योगेश कुमार कडु सहित संबंधित अधिकारियों के साथ जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राहत कार्यों की स्थिति की जानकारी लेने के साथ प्रभावित लोगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। नगर निगम जोन 8 की टीम को प्रभावित इलाकों में सतत मॉनिटरिंग के लिए लगाया गया है।
खारून नदी के ओवरफ्लो होने के कारण नदी से सटे निचले इलाकों में पानी भरने की समस्या बढ़ी है। खासतौर पर संत रविदास वार्ड क्रमांक 70 के नदी किनारे स्थित क्षेत्रों में इसका असर देखने को मिला है। प्रशासन और नगर निगम की टीमें सुबह से ही लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत पहुंचाने में लगी हुई हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के बाद उनके लिए ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है। जलभराव की स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र में तैनात रखा गया है। नगर निगम और प्रशासन की टीम खारून नदी के जलस्तर तथा प्रभावित बस्तियों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जलभराव वाले क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके।
Tags: