Raipur. रायपुर। रायपुर जिले के थाना खरोरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी एवं अंग्रेजी शराब की बड़ी मात्रा जब्त की है। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पहला मामला– सलीम कोशले के पास से देशी शराब जब्त
दिनांक 11 जनवरी 2026 को थाना खरोरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भण्डारपुरी निवासी सलीम कोशले अपने घर के पास अवैध रूप से शराब बिक्री करने की फिराक में एक पीले रंग की प्लास्टिक बोरी में देशी शराब रखे हुए है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम द्वारा तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी सलीम कोशले को मौके पर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक पीले रंग की प्लास्टिक बोरी में रखे 48 पौवा देशी मदिरा मसाला शेरा बरामद की गई। प्रत्येक पौवा में 180-180 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी, जिसकी कुल मात्रा 8 लीटर 640 मिलीलीटर पाई गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 4,800 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना खरोरा में अपराध क्रमांक 21/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरा मामला– केप्टन सिंह के पास से अंग्रेजी शराब जब्त
इसी दिन एक अन्य मुखबिर सूचना के आधार पर थाना खरोरा पुलिस ने ग्राम खोरसी स्थित रंगला ढाबा के पीछे अवैध शराब रखे होने की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी केप्टन सिंह को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से एक सफेद रंग की बोरी में रखे 35 पौवा अंग्रेजी शराब गोवा स्पेशल व्हिस्की बरामद की गई। प्रत्येक पौवा में 180-180 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी, जिसकी कुल मात्रा 6 लीटर 300 मिलीलीटर और कीमत लगभग 4,200 रुपये आंकी गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 22/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को शराब रखने एवं बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दोनों आरोपियों को मौके पर विधिवत गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई। इसके बाद दोनों को पृथक-पृथक न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।