Raipur. रायपुर। थाना खम्हारडीह क्षेत्र से पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के एक मामले में आरोपी ओमनारायण साहू (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की बजाज KTM 200 ड्यूक मोटरसायकल (क्रमांक CG/04/PJ/2447) जब्त की गई। इस कार्रवाई में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी हरिश महिपाल ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 07 जून 2025 की रात को उन्होंने अपनी मोटर सायकल अपने घर सेक्टर-02, अवंति विहार, खम्हारडीह के बाहर खड़ी की थी। उसी रात कोई अज्ञात चोर मोटरसायकल चोरी कर ले गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 125/25 धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की। टीम लगातार अज्ञात आरोपी की पतासाजी में जुटी रही। इस दौरान टीम को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने सड्डू विधानसभा, रायपुर निवासी ओमनारायण साहू को पकड़कर घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटर सायकल जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1,50,000 रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी ओमनारायण साहू, पिता बिनेश्वर साहू, निवासी बंजरपारा, उमिया पेपर मिल के पास, सड्डू, थाना विधानसभा, रायपुर है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी खम्हारडीह निरीक्षक वासुदेव परघनिया, एंटी क्राइम और साइबर यूनिट प्रभारी परेश कुमार पाण्डेय, और टीम के सदस्य आर.आर. रविकांत पाण्डेय, खिलेश्वर राजपूत, आर. प्रमोद बेहरा, राजकुमार देवांगन एवं विजय बंजारे की उल्लेखनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के मामलों में लोकल जागरूकता और पुलिस की सतर्कता अपराध रोकने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने जनता से अपील की कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को तुरंत दें ताकि अपराधियों को जल्द पकड़कर न्याय सुनिश्चित किया जा सके।