खैरागढ़ उपचुनाव: नेताओं ने झोंकी ताकत

Update: 2022-04-05 05:33 GMT

कांग्रेस को बड़ी मार्जिन से जीत की उम्मीद, भाजपा भी लगा रही जोर

रायपुर (जसेरि)। खैरागढ़ उपचुनाव को लेकर चुनाव मैदान में भारी गहमागहमी के साथ राज्य और केंद्र सरकार के स्टार प्रचारकों और चुनाव रणनीतिकारों का जमावड़ा खैरागढ़ में बना हुआ है। तीनों पार्टियों के साथ निर्दलीय भी चुनाव मैदान में लोक लुभावन नारों से पोस्टर और बैनरों का अंबार लग चुका है। हर पार्टी जीत का दावा कर रही है। लेकिन राजनीतिक रणनीतिकारों की खबर है कि खैरागढ़ की जनता सत्ता पक्ष के साथ कदमताल कर रही है। और परिणाम भी रिकार्ड जीत के दर्ज हो सकते है। प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता होने के साथ यहां की जनता कांग्रेस सरकार के कामकाज से संतुष्ट नजर आ रही है। यहां के लोगों का कहना है कि जिसकी सरकार होती है वहीं चुनाव में जीत दर्ज करता है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण बस्तर और मरवाही जहां कांगरेस के पक्ष में जनता ने निर्णय लिया। खैरागढ़ उपचुनाव के बाद अगले साल 16 माह फिर से विधानसभा का चनाव होना है ऐसे में जनता कांग्रेस के पक्ष में जाने का सोच रखी है। चुनाव के परिणाम चौकाने वाले होंगे जो अब तक जीत सबसे बड़ी जीत हासिल हो सकती है।

सीएम ने सभाओं में सरकार की तीन साल की उपलब्धियां गिनाई

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को खैरागढ़ विधानसभा के वनांचल व पहाड़ी क्षेत्र में बसे मतदाताओं पर निशाना साधा। साल्हेवारा और बकरकट्टा में सभा लेकर सरकार की तीन साल की उपलब्धियां गिनाई। सभा में सीएम भूपेश ने भाजपा पर जमकर तंज कसा।सीएम ने एक बार फिर से खैरागढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के बाद खैरागढ़ को 24 घंटे के अंदर जिला बनाने की बात कही। बघेल ने कहा कि भाजपा 15 सालों में कुछ नहीं किया। बीजेपी को अब छत्तीसगढ़ के नेताओं पर भरोसा नहीं है, इसलिए दूसरे राज्यों से प्रचार करने के लिए नेताओं को बुलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह को खैरागढ़ के लोगों की चिंता होती तो इससे पहले ही खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को जिला बनाने की घोषणा कर चुके होते जिसमें 15 साल का वक्त नहीं लगता।

विकास के काम से भाजपाई व्याकुल : मरकाम

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में मुखिया भूपेश बघेल के नेतृत्व में जो विकास के काम हो रहे हैं जिससे भाजपाई व्याकुल हो गए हैं। चिटफंड कंपनी के रक्षक, गो-माता और राम के नाम पर राजनीति करने वाले बेतुके बयान दे रहे। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने भाजपा को झाड़ते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों के जेब में 2500 रुपये देने की बात की तो तो भाजपाइयों के पेट में दर्द होने लग गया और केंद्र में बैठी भाजपा सरकार से तमाम हथकंडे लगाकर बाधा डालने का काम किया। उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने भाजपा की एक भी योजना ऐसी नहीं जो जनहितकारी हो।

लाभ देने में अग्रणी है भूपेश सरकार : गिरीश देवांगन

खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन ने सोमवार को छुईखदान में नारी शक्ति के प्रतीक महिलाओं की बैठक लेकर छत्तीसगढ़ सरकार की महिला हितों के लिए संचालित योजनाओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि जब से छग में कांग्रेस सरकार आई है, तब से महिलाओं को सशक्त बनाने की योजनाएं धरातल पर दिख रही हैं।ृ गोधन न्याय योजना, आंगनबाड़ी मितानिन, सहायिकाओं, मध्या- भोजन रसोईया के मानदेय में भी सरकार ने बढ़ोत्तरी कर उनके परिश्रम का वाजिब हक दिया है। कोरोना वायरस संक्रमण काल में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार की योजनाओं के कारण ही छग की माताएं बहने संगठित होकर मजबूत आय के स्रोत के लिए काम करती रही है। कांग्रेस महिला सशक्तिकरण की प्रमुख पक्षधर पार्टी रही है। इसी के चलते खैरागढ़ विधानसभा में यशोदा नीलांबर वर्मा को प्रत्याशी बनाया है और उसे जिताने की जवाबदारी सब नारी शक्तियों पर है। कहते हैं ना नारी बढग़ी-विकास की धारा बहेगी, इसी तर्ज पर हमें संकल्प होकर संकल्पित होकर कांग्रेस पक्ष में मतदान करना है और कराना है।

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल 2 दिवन खैरागढ़ में करेंगे चुनाव प्रचार

खैरागढ़। खैरागढ़ में 12 अप्रैल को होने वाले विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस-भाजपा के लिए साख का सवाल बन गया है। दोनों ही पार्टियां कोई कोर कसर नहीं छोडऩा चाह रही है। सत्ता सरकार के दम पर कांग्रेस जोर आजमा रही है। वहीं भाजपा सर्वे में अच्छी स्थिति देखकर खासी उत्साहित दिख रही हैं और 2023 विधानसभा आम चुनाव से पहले मिले मौके को पूरी तरह भुनाना चाह रही है। इसी कड़ी में मंत्री प्रहलाद पटेल का दौरा भी तय हो गया है जो 6 और 7 अप्रैल को खैरागढ़ क्षेत्र में रहकर लोधी वोटरों को साधेंगे। इसके अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का दौरा भी जल्द होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि एमपी के सीएम शिवराज युवा वोटरों को साधेंगे। वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया राजघराने से जुड़े वोटरों को भाजपा की झोली में लाने का प्रयास करेंगे।

अटल ने कहा मुझे सांसद दो तो मैं छत्तीसगढ़ बना दूंगा, वो सौदा नहीं था: भूपेश बघेल

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 24 घंटे के भीतर ज़िला बनाए जाने के ऐलान को सौदा बताए जाने पर तीखा पलटवार किया है। सीएम बघेल ने सवाल किया है- अटल ने कहा मुझे सांसद दो तो मैं छत्तीसगढ़ बना दूँगा, वो सौदा नहीं था.. मैंने कहा ज़िला बना दूँगा तो सौदा कैसे हो गया मुख्यमंत्री बघेल ने चुनावी घोषणापत्र में इन शब्दों में ज़िला बनाए का वायदा किया है- चुनाव जीतने के चौबीस घंटे के भीतर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई नया ज़िला बनाया जाएगा इस अंदाज में घोषित चुनावी वायदे ने आलोचना भी बटोरी और मतदाताओं को आकर्षित भी किया है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने टिप्पणी की थी-हमने विकास की जो फसल उगाई उसे भूपेश बघेल काटने निकले हैं, समूचे छत्तीसगढ का भरोसा खो चुके बघेल नए झांसे देकर खैरागढ़ के भरोसा नहीं जीत सकते,जो काम खैरागढ़ में हुआ वह भाजपा सरकार ने किया था भूपेश बघेल ने तो अन्याय ही किया है।खैरागढ़ की जनता जानती है कि यह भूपेश बघेल की सौदेबाज़ी ही है।

देवव्रत को कांग्रेसियों ने इतना तंग किया कि किराए के मकान में रहने को थे मजबूर: बृजमोहन

पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खैरागढ़ के महाराज देवव्रत सिंह को हमेशा अपमानित करते थे। जिसके कारण ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़कर अन्य दल से चुनाव लड़ा। अब किस सम्मान की बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कर रहे हैं और उनकी प्रतिमा लगाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार तो उन्हें मिलने तक का समय नहीं दिया गया। अब जब खैरागढ़ में उपचुनाव है तो रानी अवंति बाई लोधी सहित खैरागढ़ विधायक रहे देवव्रत सिंह की प्रतिमा लगाने की घोषणा कर सियासत कर रहे हैं। इसके साथ ही जिला बनाने के नाम से भी कांग्रेस खैरागढ़ की जनता को ब्लैकमेल कर रही है। यह आचार संहिता का उल्लंघन भी है। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जो भगवान श्री राम के अस्तित्व पर ही सवाल उठाते है अब वही कांग्रेस रामलला के शरण में है। प्रभु श्री राम के तस्वीरों के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का फोटो लगाना आचार संहिता का उल्लंघन है। कुछ अधिकारी कांग्रेस के एजेंट की तरह काम कर रहे है। जिसकी शिकायत चुनाव आयोग से की गई है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी का वादा किया गया था उसका क्या हुआ? प्रदेश सरकार धन-बल के आधार पर खैरागढ़ में उपचुनाव लड़ रही है। जिसका जवाब खैरागढ़ की जनता कांग्रेस को देगी। अग्रवाल ने कहा कि खैरागढ़ के विकास के लिये भूपेश सरकार ने एक रुपया भी पिछले साढ़े तीन साल में नहीं दिया है। पिछली भाजपा सरकार में एक पुलिया निर्माण के लिए 15 लाख सेग्शन हुआ था वह आज साढ़े तीन साल बाद भी पूरा नहीं हुआ है। खैरागढ़ की जनता जान गई है कि इस सरकार में कोई वादे पूरे नहीं हुए हैं। फिर चाहे वो स्व सहायता समूहों का कर्जा माफ का मामला हो, मितानिनो और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ का मानदेय बढ़ाने का मामला हो या परित्यक्ता, निराश्रित और वृद्धावस्था पेंशन का 1000-1500 रुपये बढाने का मामला हो।

विधान सभा के मतदाताओं ने, युवाओं ने इस चुनाव में कांग्रेस को नकारने का पूरा मन बना लिया है। इसलिए भाजपा के प्रति भारी उत्साह दिखा रहा है। इस चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी को समर्थन की अपील की। आज की पत्रकार वार्ता के अवसर पर खैरागढ़ जिला मंडल के उप प्रभारी केदारनाथ गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अनिल अग्रवाल तथा बिरगांव की पूर्व महापौर अंबिका यदु उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News

-->