रायगढ़ में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस और ट्रांसपोर्टरों की अहम बैठक

छग

Update: 2026-04-17 17:12 GMT
Raigarh. रायगढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा ट्रांसपोर्टरों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित हुई, जिसमें पुलिस, परिवहन विभाग और ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर किया गया, जिसमें नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने अध्यक्षता की। इस दौरान जिला परिवहन अधिकारी अमित कश्यप और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए संयुक्त रणनीति तैयार करना रहा।
सीएसपी मयंक मिश्रा ने कहा कि एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों को निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों के चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस, चरित्र सत्यापन और कौशल जांच अनिवार्य रूप से करें। इसके साथ ही चालकों को यूनिफॉर्म में वाहन संचालन करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में शराब पीकर वाहन चलाने की समस्या पर भी विशेष चर्चा हुई। पुलिस ने बताया कि ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है और आगे इसे और सख्त किया जाएगा। ट्रांसपोर्टरों से अपील की गई कि वे अपने चालकों की नियमित जांच करें और उन्हें सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करें। लंबी दूरी के चालकों की थकान को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण मानते हुए सुरक्षित रेस्ट एरिया और पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि चालकों को पर्याप्त आराम मिले, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
जिला परिवहन अधिकारी अमित कश्यप ने ओवरलोडिंग, फिटनेस और गति सीमा के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बिना फिटनेस प्रमाण पत्र वाले वाहनों का संचालन कानूनन अपराध है। साथ ही वाहनों में रिफ्लेक्टर और इंडिकेटर लाइट की अनिवार्यता पर भी जोर दिया गया ताकि रात्रि दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने कहा कि सभी ट्रांसपोर्टरों को अपने चालकों का डेटाबेस तैयार करना होगा और उसे यातायात विभाग के साथ साझा करना होगा। उन्होंने संयुक्त जांच अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
बैठक में ट्रांसपोर्टरों द्वारा कई सुझाव भी दिए गए। इनमें नो-एंट्री समय में संशोधन, जूटमिल क्षेत्र के अटल चौक से पुराने कबाड़ वाहनों को हटाना, ट्रांसपोर्ट नगर के आसपास धुएं की समस्या का समाधान और रायगढ़-पुंजीपथरा मार्ग पर परित्यक्त वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शामिल थी। अधिकारियों ने इन सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन अनिवार्य है और लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस, परिवहन विभाग और ट्रांसपोर्ट सेक्टर के बीच बेहतर समन्वय से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। इस बैठक को सड़क सुरक्षा के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे जिले में यातायात व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।
Tags:    

Similar News