ज्वेलर्स शॉप से लाखों के जेवर पार, दो शातिर चोर गिरफ्तार

छग

Update: 2023-08-09 14:40 GMT
सक्ती। सक्ती जिले के वार्ड नंबर-7 में स्थित सूने मकान से चोरी करने वाले आदतन बदमाश राजू खूंटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरी का सामान खरीदने वाले 2 सुनार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं चोरी के एक अन्य मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामला बाराद्वार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, वार्ड नं- 7 नेहरू चौक के पास रहने वाले हनी केडिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी दादी का देहांत हो जाने के कारण परिवार के सभी लोग चाचा जयकिशन केडिया के घर गए हुए थे। उसकी दादी चाचा के परिवार के साथ रहती थी।
वे लोग रात में भी अपने घर वापस नहीं लौट सके। उसी दिन सूने घर का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपियों ने उनके घर से 4 लाख रुपए नगद और साढ़े 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। चोरों ने नगद और गहने मिलाकर कुल साढ़े 9 लाख रुपए की चोरी की। हनी केडिया ने बताया कि अगले दिन सुबह 2 अगस्त को जब वो अपने घर वापस लौटा, तो उसने घर में सारा सामान बिखरा हुआ पाया। अलमारी से नगद और गहने भी गायब थे, तब उसने अपने पिता राजेश केडिया को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बाराद्वार पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज किया। जांच में फॉरेंसिक एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद ली जा रही थी।
सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डाटा की जांच से पता चला कि घटना की रात 3 युवक मकान के आसपास देखे गए हैं। तीनों युवक बाइक पर सवार थे। युवकों के बारे में जानकारी जुटाने पर पता चला कि इनमें से एक युवक आदतन चोर राजू खुंटे है। इसके बाद पुलिस ने बाराद्वार बस्ती निवासी आरोपी राजू खूंटे को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपने 2 साथियों हिमायत खान (निवासी जम्मू) और विनोद चंद्रा (निवासी गुजकुरिया थाना जैजैपुर) के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उसने बताया कि राजेश केडिया के घर चोरी करने के बाद उन्होंने सोने-चांदी के गहनों को सक्ती निवासी सुरेंद्र कसेर को 2 लाख 60 हजार रुपए में बेच दिया। वहीं 4 लाख रुपए नगद और गहनों से मिले 2 लाख रुपए लेकर उसके दोनों साथी अगले दिन लेकर जम्मू निकल गए। आरोपी ने बताया कि उसे 60 हजार रुपए दिए गए थे।
राजू खूंटे ने बताया कि चोरी करने के लिए तीनों उसी की बाइक पर आए थे। इसके बाद पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक और 59 हजार रुपए जब्त कर लिए। चोरी के गहने खरीदने वाले सुरेंद्र कसेर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसने बताया कि उसने सोने-चांदी को गलाकर ओम रिफाइनरी सक्ती के संचालक नवनाथ निकम को बेच दिया था। पुलिस ने सुरेंद्र कसेर से पुलिस ने चोरी के चांदी के सिक्के और अन्य सामान को जब्त कर लिया। ओम रिफाइनरी के मालिक नवनाथ निकम ने सोने को रिफाइंड कर बिस्किट बना दिया था। पुलिस ने 65 ग्राम सोना भी जब्त किया है। आरोपी राजू खूंटे ने पूछताछ में दो और चोरियों का खुलासा किया है। उसने बताया कि अपने साथी राजू बरेठ के साथ मिलकर उसने बाराद्वार निवासी वृंदा प्रसाद गुप्ता के घर में भी कैश और गहनों की चोरी की थी। साथ ही अप्रैल 2023 में अपने साथी विनोद कुमार रोहिदास के साथ मिलकर बाराद्वार निवासी सिद्धार्थ राय के घर में भी चोरी की थी।
आरोपियों ने दोनों चोरियों में भी गहनों को सुरेंद्र कसेर को ही बेचना बताया। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने गहने खरीदने वाले सुरेंद्र कसेर और नवनाथ निकम को गिरफ्तार कर लिया।उनके कब्जे से चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। सिद्धार्थ राय के घर चोरी करने वाले राजू खूंटे के साथी विनोद कुमार रोहिदास को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सिद्धार्थ राय के घर से चोरी हुए LED टीवी और चांदी के जेवर को आरोपी राजू खूंटे और विनोद रोहिदास के कब्जे से बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को 3 मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। राजेश केडिया के घर चोरी के मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीम जम्मू भेजी गई है। वृंदा प्रसाद गुप्ता के घर चोरी के मामले में फरार एक अन्य आरोपी राजू बरेठ की तलाश भी की जा रही है। बता दें कि तीनों आरोपी जम्मू में एक साथ काम करते थे। करीब 2 महीने पहले वे छत्तीसगढ़ में आए थे और जांजगीर में किराए का मकान लेकर रह रहे थे।
Tags:    

Similar News