जल जीवन मिशन से बदला ग्राम सुहाई, हर घर तक पहुंचा साफ पानी

छग

Update: 2026-04-25 14:46 GMT
Raigarh. रायगढ़। विकासखंड घरघोड़ा का ग्राम सुहाई, जो कभी पेयजल की समस्या से जूझता था, आज एक बड़े बदलाव का उदाहरण बन गया है। जिला मुख्यालय से करीब 49 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में पहले लोगों को साफ पानी के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सुबह होते ही महिलाएं और बच्चे दूर-दराज के कुओं और हैंडपंपों से पानी लाने के लिए निकल जाते थे। कई बार घंटों इंतजार करने के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता था। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती थी, जब दूषित पानी के कारण गांव में बीमारियां फैलती थीं।
जल जीवन मिशन के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाकर हर घर तक नल कनेक्शन दिए गए हैं। अब गांव के सभी परिवारों को नियमित रूप से साफ और सुरक्षित पेयजल मिल रहा है। इस सुविधा से ग्रामीणों की दिनचर्या में बड़ा बदलाव आया है। अब उन्हें पानी के लिए भटकना या इंतजार नहीं करना पड़ता। इससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। गांव की रहने वाली श्रीमती शरनमती बताती हैं कि पहले उनका ज्यादातर समय पानी लाने में ही चला जाता था। इससे घर के अन्य काम और बच्चों की देखभाल प्रभावित होती थी। अब घर में पानी की सुविधा मिलने से उनका जीवन आसान हो गया है। बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है और वे नियमित रूप से स्कूल जा रहे हैं।
इस योजना का सबसे अधिक लाभ महिलाओं को मिला है। पहले जहां उनका समय केवल पानी लाने में ही बीत जाता था, अब उनके पास अपने लिए समय है। कई महिलाएं अब स्व-सहायता समूह से जुड़कर आय के साधन बना रही हैं। श्रीमती शरनमती ने भी सिलाई और छोटे घरेलू काम शुरू किए हैं, जिससे उनकी आय बढ़ी है और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। गांव में स्वच्छता का स्तर भी बेहतर हुआ है। साफ पानी मिलने से जलजनित बीमारियों में कमी आई है। लोग अब स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक हो रहे हैं। ग्राम सुहाई के लोग इस बदलाव से खुश हैं और उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया है। आज ग्राम सुहाई में हर घर तक पहुंचा साफ पानी केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि एक बेहतर और स्वस्थ जीवन की शुरुआत है। इस बदलाव ने गांव के लोगों के जीवन स्तर को सुधारा है और उन्हें आगे बढ़ने का नया अवसर दिया है।
Tags:    

Similar News