अफीम के अन्तर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार
205 ग्राम अफीम बरामद
Durg. दुर्ग। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना भिलाई नगर पुलिस ने अफीम की खरीदी-बिक्री से जुड़े अन्तर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही प्रकरण में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 15 जनवरी 2026 को थाना भिलाई नगर पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेक्टर-06 भिलाई स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ अफीम रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई।
सूचना की तस्दीक के उपरांत पुलिस टीम ने महाराणा प्रताप चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बलवीर सिंह, निवासी सेक्टर-06 भिलाई बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 205 ग्राम अफीम, एक मोबाइल फोन तथा अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। जब्त किए गए मादक पदार्थ, वाहन एवं अन्य सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹80,500 बताई गई है। आरोपी बलवीर सिंह के विरुद्ध थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत धारा 22(ख) नारकोटिक्स एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी से अफीम की सप्लाई चैन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
पुलिस पूछताछ में बलवीर सिंह ने खुलासा किया कि वह अफीम की खरीदी-बिक्री रामबाबू उर्फ कैम्बो के माध्यम से करता था तथा उसे अफीम की आपूर्ति स्वरूप सोनी द्वारा की जाती थी। इस जानकारी को गंभीरता से लेते हुए दुर्ग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी रामबाबू उर्फ कैम्बो (उम्र 45 वर्ष), निवासी सेक्टर-06 भिलाई, लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। वहीं दूसरा आरोपी स्वरूप सोनी (उम्र 28 वर्ष), निवासी गीदम, जिला दंतेवाड़ा है, जो अफीम की सप्लाई अन्तर्राज्यीय स्तर पर करता था। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से अफीम की तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, मुख्य सप्लायर और स्रोत की पतासाजी की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि नशे से जुड़े किसी भी प्रकार की गतिविधि की सूचना पुलिस को तत्काल दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।