गोंदवारा ओवर ब्रिज के नीचे गांजा बेचते अंतर्राज्यीय तस्कर कुणाल गिरफ्तार

छग

Update: 2026-02-19 13:01 GMT
Raipur. रायपुर। कमिश्नरेट पुलिस के नॉर्थ जोन ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा के साथ एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के दिशा-निर्देश में की गई, जिनके नेतृत्व में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खरीदी-बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 फरवरी 2026 को थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गोंदवारा ओवर ब्रिज के नीचे एक व्यक्ति अपने पास गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा ने त्वरित तस्दीक कर टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर उसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कुणाल नाइक, निवासी बालांगीर, ओड़िशा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद थैले से गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 1.587 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 79,350 रुपये बताई जा रही है। आरोपी के विरुद्ध थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत धारा 20 (बी) NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में बैकएंड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है, ताकि मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा सके। कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी कुणाल नाइक (21 वर्ष) वर्तमान में गोंदवारा, थाना खमतराई क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाया और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जा रही थी।
Tags:    

Similar News