Baloda Bazar. बलौदाबाजार। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने अंतरजिला नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। भाटापारा ग्रामीण पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 1,146 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कार, आठ स्मार्टफोन और नकदी समेत कुल 2 लाख 61 हजार 192 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद विशेष टीम को सक्रिय किया गया था। टीम ने डिजिटल डेटा एनालिसिस, लोकेशन ट्रैकिंग और संदिग्ध कॉल की जानकारी के आधार पर नेटवर्क की गतिविधियों का पता लगाया। जांच के दौरान सूचना मिली कि सफेद रंग की कार क्रमांक CG 07 AB 7007 से प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप ग्राम दतरेगा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में पहुंचाई जाने वाली है। इसके बाद पुलिस ने मौके की घेराबंदी की और वहां मौजूद छह संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ से मिले सुराग के आधार पर नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में जब्त दवाओं की जांच कराई गई। कार्रवाई में 1,088 Spas Trancan Plus कैप्सूल और 58 Ultracet टैबलेट सहित कुल 1,146 गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत 13,542 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा पुलिस ने परिवहन में इस्तेमाल सफेद कार को जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपये है। आरोपियों से आठ आईफोन और एंड्रॉइड स्मार्टफोन भी बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है। 7,650 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोवर्धन प्रसाद साहू, अभिषेक तिवारी, पंकज यादव उर्फ गोलू, प्रकाश साहू उर्फ लक्की, दिनेश साहू उर्फ अप्पू, आर्यन तिवारी और समीर खां उर्फ समी के रूप में की गई है।
पुलिस ने थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 534/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c), 21(c), 29 और बीएनएस की धारा 111 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीली दवाओं की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई किन-किन लोगों तक की जा रही थी।
Tags: