Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दीपावली पर्व से पहले अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में बीते एक सप्ताह के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस अभियान के तहत आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कुल 46 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 10 गैर-जमानती मामले शामिल हैं। विभाग ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वहीं कार्रवाई के दौरान कुल 381.79 लीटर अवैध महुआ शराब और 950 किलोग्राम तैयार महुआ लाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 1 लाख 20 हजार 540 रुपये बताया गया है।
दीपावली के मद्देनजर जिले में अवैध शराब की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। विभागीय टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त और छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 29 अक्टूबर 2026 को आबकारी उपनिरीक्षक अंकित अग्रवाल ने रायगढ़ उत्तर वृत्त के ग्राम तिलगा, थाना चक्रधर नगर क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां वीरेंद्र राठिया के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 2 हजार रुपये आंकी गई। इसी दिन खरसिया वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक कुशल कुमार पटेल ने ग्राम चोढ़ा में छापेमारी कर रमेश कुमार राठिया के कब्जे से 20.200 लीटर महुआ शराब बरामद की। इसकी अनुमानित कीमत 4 हजार 40 रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इसके बाद 30 अक्टूबर को घरघोड़ा वृत्त में आबकारी उपनिरीक्षक प्रदीप वर्मा ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में आरती मांझी के कब्जे से 25 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 5 हजार रुपये है। वहीं दूसरी कार्रवाई में प्रेम बाई पैकरा के कब्जे से 6.200 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसका बाजार मूल्य 1 हजार 240 रुपये बताया गया। 31 अक्टूबर को रायगढ़ उत्तर वृत्त की टीम ने चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के ग्राम रेगड़ा स्थित जंगल में छापेमारी की। इस दौरान लावारिस हालत में 195 लीटर महुआ शराब और 440 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 61 हजार रुपये आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब और लाहन मिलने के बाद विभाग ने संबंधित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई है।
अभियान के तहत 2 नवंबर को आबकारी उपनिरीक्षक प्रदीप वर्मा ने तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम तमनार में कार्रवाई करते हुए बनमती बाई उरांव के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब जब्त की। इसकी कीमत 1 हजार 800 रुपये बताई गई है। वहीं 3 नवंबर को रायगढ़ शहर वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक हरीश कुमार पटेल और उनकी टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र के मधुबन पारा और टिकरापारा में छापेमारी की। इस दौरान फूलमती उरांव के कब्जे से 14 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसका बाजार मूल्य 2 हजार 800 रुपये है।
4 नवंबर को आबकारी उपनिरीक्षक प्रदीप वर्मा और याजेन्द्र मेहर की संयुक्त टीम ने कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम गोर्रा में कार्रवाई कर कलाराम बघेल के कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब जब्त की। इसी दिन रायगढ़ उत्तर वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक अंकित अग्रवाल ने ग्राम उच्चभिट्ठी में छापेमारी कर 30 वर्षीय बलराम चौहान के कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब बरामद की। दोनों मामलों में जब्त शराब की कीमत अलग-अलग 2 हजार 400 रुपये आंकी गई है। इसके बाद 5 नवंबर को पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली। आबकारी उपनिरीक्षक प्रदीप वर्मा और याजेन्द्र मेहर की टीम ने तालाब किनारे छापेमारी कर लावारिस हालत में 62.800 लीटर महुआ शराब और 500 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 37 हजार 560 रुपये बताई गई है। इस मामले में अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिले के होटल, ढाबों और मदिरा दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने सभी वृत्त प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और अवैध शराब के निर्माण, परिवहन तथा बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दीपावली के दौरान अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। अभियान में जिला आबकारी कार्यालय के मुख्य आरक्षकों और आरक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।