Raipur. रायपुर। राजधानी के मौदहापारा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से हमला कर युवक को घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मोहम्मद अली असगर ने थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 10 जनवरी 2026 की रात करीब 10:40 बजे वह अपने घर राजातालाब जाने के लिए मौदहापारा स्थित गरीब नवाज दवाखाना के सामने वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कल्लू गैरेज के पास रहने वाले अयान कुरैशी, फरहान कुरैशी, अब्दुल नवाज आमिर उर्फ भोंदा तथा एक अन्य नाबालिग बालक वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश की बात को लेकर प्रार्थी से विवाद करने लगे।
आरोप है कि चारों ने मिलकर प्रार्थी को मां-बहन की अश्लील गालियां दीं, हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने अपने पास रखे धारदार चाकू जैसे हथियार से हमला कर प्रार्थी को घायल कर दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 10/26 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी मौदहापारा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने प्रार्थी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की।
आरोपियों की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के बाद पुलिस ने प्रकरण के मुख्य आरोपी अयान कुरैशी उर्फ बीटी, मोहम्मद फरहान कुरैशी, अब्दुल नवाज आमिर उर्फ भोंदा तथा विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक नग चाकू भी बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया है, जबकि विधि के साथ संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था भंग करने और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।