ऑपरेशन आघात के चलते पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार
छग
Jashpur. जशपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत रानीकोंबो के पास कार्रवाई करते हुए क्रेटा कार से 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। इस दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत लगभग 55 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व एवं दिशा-निर्देश पर की गई। पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के विरुद्ध लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और इसी कड़ी में नारायणपुर पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 जनवरी 2026 की सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच थाना नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध सफेद रंग की क्रेटा कार क्रमांक UP-32-HF-0299 में कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ गांजा छुपाकर कुनकुरी की ओर से नारायणपुर होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना नारायणपुर पुलिस द्वारा थाना बगीचा की टीम के साथ मिलकर ग्राम रानीकोंबो के मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। इसी दौरान कुनकुरी की ओर से आती संदिग्ध सफेद क्रेटा कार दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोका।
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। जांच में पाया गया कि कार की बीच वाली सीट के नीचे और डिक्की में एक कारपेट के नीचे पीली रंग की प्लास्टिक टेप से लपेटे गए कुल 180 पैकेट छुपाकर रखे गए थे। इन पैकेटों में कुल 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही गांजा, तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार तथा आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए। दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना नाम 1. शान मोहम्मद उर्फ सानू (उम्र 22 वर्ष), निवासी जगदीशपुर, मानपुरलाल, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) तथा 2. सुहैल अहमद (उम्र 19 वर्ष), निवासी सरौरकला, कमलापुर, थाना सीतापुर, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) बताया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उक्त अवैध मादक पदार्थ गांजा उड़ीसा के मलकानगिरी से लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि यह खेप उत्तर प्रदेश के एक अन्य तस्कर के कहने पर लाई जा रही थी। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लखनऊ निवासी तीसरे तस्कर की पहचान कर ली है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणपुर में धारा 20(बी)(2)सी नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने एवं अपराध स्वीकार करने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जब्त किए गए मोबाइल फोन के डाटा की भी जांच की जा रही है, जिससे तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की संभावना है।
इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अमरबेल मिंज, अनिल कामरे, नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज, आरक्षक अविनाश सोनी एवं कुलदीप खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि नारायणपुर क्षेत्र में गांजा तस्करी करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो क्रेटा कार के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है और यह स्पष्ट संदेश गया है कि जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है।