जनता से रिश्ता की खबर का असर, अवैध शराब और ऑनलाइन सट्टे पर बड़ी कार्रवाई
छग
Raigarh. रायगढ़। जनता से रिश्ता में प्रकाशित खबर का एक बार फिर असर देखने को मिला है। अवैध शराब और ऑनलाइन सट्टे को लेकर उठाए गए मुद्दों पर रायगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पुसौर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे अवैध कारोबार विरोधी अभियान का हिस्सा है। पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुसौर पुलिस को सूचना मिली थी कि कृषि उपज मंडी पुसौर के पास एक युवक ऑनलाइन सट्टा लिख रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुसौर पुलिस ने तत्काल मौके पर घेराबंदी की और सट्टा पट्टी लिखते हुए निरंजन साव को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रायगढ़ के कुख्यात सट्टा खाईवाल पप्पू बरेठ के लिए सट्टा लिखता है और उसे इसके एवज में कुल रकम का 5 प्रतिशत कमीशन मिलता है।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच की तो व्हाट्सएप के माध्यम से पप्पू बरेठ को ₹28,520 का सट्टा हिसाब भेजे जाने के सबूत मिले। आरोपी के कब्जे से ₹700 नगद और एक विवो मोबाइल फोन जब्त किया गया। इस मामले में थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6(क) और 7(1) में प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी निरंजन साव पिता बरतराम साव, उम्र 58 वर्ष, निवासी औरदा को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं सट्टा खाईवाल पप्पू बरेठ के विरुद्ध भी एक और नामजद एफआईआर दर्ज की गई है, जिससे उसके खिलाफ कानूनी शिकंजा और कस गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक योगेश उपाध्याय और आरक्षक धनुजय चंद बेहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है।
वहीं दूसरी ओर कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में भी अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम नवरंगपुर में भीम सिदार के घर पर शराब रेड की। रेड के दौरान आरोपी अपने घर के आंगन में मौजूद मिला, जबकि शराब खरीदने आए अन्य लोग पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹1000 बताई गई है, जब्त की। आरोपी भीम सिदार पिता रामेश्वर सिदार, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम नवरंगपुर थाना कोतरारोड़ के विरुद्ध धारा 34(2) और 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, आरक्षक संदीप कौशिक, चुडामणी गुप्ता, टिकेश्वर यादव और राजेश खांडे की अहम भूमिका रही।
👉 एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि रायगढ़ जिले में सट्टा, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है। ऐसे अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस की कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी बिना डर पुलिस को दें। हर सूचना पर त्वरित और निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।