रायपुर में अवैध शराब तस्करी करने वाला तस्कर गिरफ्तार

छग

Update: 2026-05-18 13:40 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में देसी और अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 18 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि अमलीडीह नाला के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बेचने की फिराक में ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

जिसके बाद थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज कश्यप पिता छोटे लाल कश्यप, उम्र 44 वर्ष, निवासी महात्मा गांधी नगर, अमलीडीह, रायपुर बताया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर तलाशी ली, जिसमें आरोपी के पास से एक कपड़े के थैले में शराब बरामद हुई। बरामद शराब में ‘शोले’ कंपनी के 34 पौवा देसी शराब और 02 बोतल अंग्रेजी गोवा शराब शामिल थी। पुलिस के अनुसार आरोपी से शराब रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके अलावा उसने पुलिस टीम को गुमराह करने की भी कोशिश की।

पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर लिया, जिसकी कुल कीमत लगभग 4600 रुपये आंकी गई है। सभी कार्रवाई गवाहों के समक्ष की गई और पूरे मामले को विधिवत दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी सूरज कश्यप के खिलाफ थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 189/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News