Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध शराब और नशे के कारोबार को लेकर पुलिस भले ही लगातार अभियान चला रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। ताजा मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है, जहां आमानाका ओवरब्रिज के नीचे बनाई गई नई चौपाटी शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर गई है। यहां खुलेआम अवैध शराब बेचने का आरोप लगा है। इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन और पुलिस पर सवाल खड़े होने लगे हैं। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में कुछ युवक बोरी में भरकर अवैध शराब ले जाते और बेचते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि एक युवक घर की छत से शराब की बोरी नीचे उतार रहा है और बाद में उसे ले जाकर बेचने की तैयारी कर रहा है।
यह वीडियो सामने आने के बाद इलाके में अवैध शराब के कारोबार की चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आमानाका ओवरब्रिज के नीचे बनाए गए नए चौपाटी क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां नगर निगम द्वारा चौपाटी की व्यवस्था तैयार की गई है, लेकिन शुरू होने से पहले ही यहां अवैध गतिविधियों के आरोप लगने लगे हैं। कांग्रेस नेताओं ने भी इस मामले को लेकर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें कुछ युवक बोरी में भरकर शराब बेचते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि कई लोग वहां आकर शराब खरीद रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिन दुकानों में चौपाटी शुरू होनी थी, उन्हीं स्थानों पर अवैध तरीके से शराब बेचे जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर चौपाटी शुरू होने से पहले ही इस तरह की अवैध गतिविधियां सामने आ रही हैं तो आने वाले समय में यहां कानून व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ सकती है। लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन को इस मामले में तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। गौरतलब है कि रायपुर पुलिस इन दिनों सूखे और गीले नशे के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। शहर में नशे के कारोबार को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद इस तरह के वीडियो सामने आना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि राजधानी में तेजी से बढ़ रहे अपराध और नशे के कारोबार को रोकने के लिए प्रशासन को और अधिक सख्ती बरतने की जरूरत है। लोगों ने मांग की है कि वायरल वीडियो की जांच कर अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो सकें। फिलहाल इस वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोग प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है और अवैध शराब के कारोबार पर किस तरह अंकुश लगाया जाता है।