IG अमरेश मिश्रा ने ली समीक्षा बैठक, कानून व्यवस्था और नशे के खिलाफ सख्त निर्देश

छग

Update: 2025-07-06 16:14 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में 6 जुलाई 2025 को पुलिस प्रशासन की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा की अध्यक्षता में सिविल लाइंस स्थित सी-4 भवन के सभागार में यह बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी और समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में आम जनता के प्रति पुलिस आचरण को सहज, शालीन और जिम्मेदार बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। थाना प्रभारियों की नवीन पदस्थापना को लेकर चर्चा की गई और उन्हें कुशलतापूर्वक कार्य संचालन के निर्देश दिए गए।
विधानसभा सत्र और यातायात पर विशेष तैयारी
आईजी मिश्रा ने आगामी विधानसभा सत्र के मद्देनजर सुरक्षा और कानून व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही रायपुर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए जल्द ही नए उपाय लागू करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट चलने वाले, अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी सिर्फ ट्रैफिक विभाग की नहीं, बल्कि हर थाना प्रभारी की भी है।
नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर चोरी, लूट जैसे गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। नशीले पदार्थों की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर सख्त प्रतिबंध लगाने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि नशे की आपूर्ति श्रृंखला की पूरी जांच कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए।
लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने पिछले 6 माह के अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकरण कर शीघ्र चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। महिला संबंधित अपराध और साइबर अपराध की शिकायतों पर भी तेजी से कार्रवाई करने को कहा गया।
ग्राम पंचायत स्तर पर पुलिस मित्र योजना
गांव-गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय के लिए "पुलिस मित्र" बनाए जाने की योजना पर चर्चा हुई। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क को मजबूत किया जाएगा। बैठक में चाकूबाज, गुंडा-बदमाश, निगरानी बदमाश एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने की बात कही गई। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन शाम के समय अधिक से अधिक बल के साथ क्षेत्र में गश्त करें और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग करें। बैठक के अंत में अधिकारियों ने रायपुर को अपराधमुक्त, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
Tags:    

Similar News