Surguja. सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अवैध संबंध की आशंका को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के बिसरपानी गांव का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में दोनों की हत्या करना स्वीकार किया है। जानकारी के अनुसार, बिसरपानी गांव के दारापारा निवासी बाबूलाल मझवार (35) सोमवार शाम अपने खेत की ओर गया था। खेत से लौटने के बाद वह अपनी पत्नी नईहारो बाई के साथ घर में शराब पी रहा था। इसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदार गांव के रहने वाले सोमारू मझवार के घर पहुंचा। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला बेंजे बड़ा (35) भी वहां पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर सोमारू मझवार वहां से चला गया। इसके बाद बाबूलाल मझवार गांव के ही एक अन्य घर में शराब लेने चला गया। करीब आधे घंटे बाद जब वह वापस लौटा तो उसने अपनी पत्नी नईहारो बाई को बेंजे बड़ा के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा। पत्नी और युवक को इस स्थिति में देखकर बाबूलाल गुस्से में आ गया। इसके बाद तीनों के बीच जमकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बाबूलाल ने घर में रखे फावड़े से अपनी पत्नी और बेंजे बड़ा पर हमला कर दिया। उसने दोनों के सिर पर कई वार किए, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
आसपास के लोगों ने इसकी सूचना तत्काल कमलेश्वरपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय नईहारो बाई और बेंजे बड़ा शराब के नशे में थे। वहीं आरोपी बाबूलाल मझवार भी नशे की हालत में था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबूलाल मझवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के बेंजे बड़ा के साथ अवैध संबंध होने की आशंका थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में उसने फावड़े से हमला कर दोनों की हत्या कर दी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।