Raipur. रायपुर। राजधानी में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने हिस्ट्रीशीटर अजय महानंद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुरानी बस्ती और विधानसभा थाना क्षेत्र से चोरी किए गए दो दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अजय महानंद सिविल लाइन थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ
हत्या के प्रयास
, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
दोपहिया वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला ने अधिकारियों को चोरी के मामलों में आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। इसके लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित की गई है। टीम वाहन चोरी की घटनाओं वाले स्थानों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच करने के साथ मुखबिरों से भी जानकारी जुटा रही है। इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को विशेष टीम और पुरानी बस्ती पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर सिविल लाइन थाने के हिस्ट्रीशीटर अजय महानंद पर पड़ी। वह एक दोपहिया वाहन से घूम रहा था। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी भागने लगा। टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

नहीं दिखा पाया वाहन के दस्तावेज
पुलिस ने अजय महानंद से वाहन के संबंध में पूछताछ की और दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोप है कि पूछताछ के दौरान वह पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने एक दोपहिया वाहन पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र और दूसरा विधानसभा थाना क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया।

80 हजार के दो वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक्सेस स्कूटी क्रमांक CG 04 QB 5293 और होंडा शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AD 4368 बरामद की है। दोनों की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये है। स्कूटी चोरी के संबंध में पुरानी बस्ती थाने में अपराध क्रमांक 488/26, धारा 305(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। वहीं होंडा शाइन चोरी के मामले में विधानसभा थाने में अपराध क्रमांक 561/25, धारा 303(2) बीएनएस दर्ज है।

आरोपी पर पहले से कई मामले
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय महानंद पिता आनंद महानंद, उम्र 23 वर्ष, निवासी विनोबा भावे नगर, सिविल लाइन थाना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक अजय महानंद के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित आधा दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं। वह पूर्व में भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने दोनों चोरी के वाहन जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं राजधानी में वाहन चोरी रोकने के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जानकारी, पेट्रोलिंग और मुखबिर तंत्र के जरिए संदिग्धों की निगरानी लगातार जारी है।
Tags: