Raipur. रायपुर। गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस के वेस्ट जोन में विशेष अभियान चलाया गया। मंगलवार 15 सितंबर की शाम पुलिस की बाइक टीमों ने गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन पेट्रोलिंग की। वहीं प्रमुख गणेश पंडालों, बाजारों और चौराहों पर ड्रोन के जरिए आसमान से निगरानी रखी गई। अभियान में डीसीपी और एडीसीपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद मैदान में उतरे और बाइक टीमों के साथ अलग-अलग इलाकों में गश्त की।
वेस्ट जोन के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए अभियान का उद्देश्य गणेशोत्सव के दौरान भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और यातायात को सुचारू बनाए रखना था। खासतौर पर उन संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बाइक टीमों को उतारा गया, जहां चार पहिया वाहनों से पेट्रोलिंग करना मुश्किल होता है। डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुड़िया और एडीसीपी राहुल देव शर्मा स्वयं अभियान में शामिल रहे। सहायक पुलिस आयुक्त ईशू अग्रवाल और देवांश राठौर भी अपने-अपने क्षेत्रों में बाइक टीमों के साथ मौजूद रहे।
आजाद चौक थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर, सरस्वती नगर थाना प्रभारी पारस पटेल और पुरानी बस्ती थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल भी अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ गश्त पर निकले। इस दौरान पंडालों के आसपास की गलियों, ठेला-बाजार, प्रमुख सड़कों और घनी आबादी वाले मोहल्लों में विशेष निगरानी की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध रूप से घूमने वाले लोगों और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी जैसी गतिविधियों पर नजर रखी। महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए छेड़छाड़ की आशंका वाले स्थानों पर विशेष चौकसी बरती गई। इसके साथ ही वाहन चोरी की आशंका वाले स्थान भी निगरानी के दायरे में रहे।
जमीन पर बाइक पेट्रोलिंग के साथ पुलिस ने तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ड्रोन से भी निगरानी की। प्रमुख गणेश पंडालों, बाजारों और व्यस्त चौराहों के ऊपर ड्रोन उड़ाकर लाइव स्थिति देखी गई। इससे भीड़ बढ़ने और यातायात जाम वाले स्थानों की पहचान करने में मदद मिली। पुलिस के मुताबिक ड्रोन फुटेज में जिस स्थान पर वाहनों की लंबी कतार या ज्यादा भीड़ दिखाई दी, वहां तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। इसके जरिए यातायात व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया गया। गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मार्गों को भी ड्रोन निगरानी में रखा गया है।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी, बाइक पेट्रोलिंग, अतिरिक्त पुलिस बल और ड्रोन निगरानी के जरिए वेस्ट जोन में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। यह विशेष अभियान गणेशोत्सव की समाप्ति तक प्रतिदिन जारी रखने की बात कही गई है। रायपुर पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों से अपने वॉलंटियर्स की सूची संबंधित थाने में उपलब्ध कराने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 पर दें और यातायात नियमों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।