वार्ड क्रमांक 40 छावनी में स्वास्थ्य स्थिति सामान्य, डोर-टू-डोर सर्वे में उल्टी-दस्त का कोई मरीज नहीं मिला
छग
Durg. दुर्ग। वार्ड क्रमांक 40 छावनी क्षेत्र में आम नागरिकों की स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। संभावित मौसमी बीमारियों और उल्टी-दस्त जैसी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्वरित और सतत कार्रवाई की जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी तथा जिला सर्वेलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर डोर-टू-डोर सर्वे किया। सिविल हॉस्पिटल सुपेला, भिलाई के प्रभारी अधिकारी डॉ. पियाम सिंग के नेतृत्व में गठित स्वास्थ्य टीम में विजय सेजुले (सुपरवाइजर), हितेन्द्र कोसरे (बीईटीओ), स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिनें शामिल रहीं। टीम द्वारा वार्ड क्रमांक 40 छावनी के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण कर नागरिकों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली गई और आवश्यक जागरूकता संदेश भी दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए सर्वे के दौरान आज कुल 50 घरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान किसी भी घर में उल्टी-दस्त या अन्य संक्रामक बीमारी से पीड़ित कोई भी मरीज नहीं पाया गया। सर्वे के आधार पर क्षेत्र में स्वास्थ्य स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों और प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हालांकि स्थिति सामान्य होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग किसी भी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है। एहतियातन क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखी जा रही है और डोर-टू-डोर सर्वे आगे भी जारी रहेगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें नियमित रूप से घर-घर जाकर लोगों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेंगी, ताकि किसी भी संभावित बीमारी की समय रहते पहचान की जा सके।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे हमेशा पानी उबालकर पिएं, सड़ी-गली सब्जियों एवं दूषित खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। इसके अलावा यदि किसी व्यक्ति में उल्टी, दस्त, बुखार या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें। स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जन सहयोग से ही बीमारियों की रोकथाम संभव है। नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और अपने एवं अपने परिवार के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने की अपील की गई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।