Jashpur. जशपुर। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को पत्थलगांव शहर में एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में प्रशासन, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सैकड़ों महिला और पुरुषों ने हेलमेट पहनकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। रैली की शुरुआत शहर के मुख्य मार्गों से हुई और यह तीन प्रमुख रास्तों से होकर गुजरती हुई मैरिज गार्डन में समाप्त हुई। पूरे आयोजन के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता का माहौल देखने को मिला। रैली में शामिल लोगों ने हेलमेट पहनने और सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उम्मेद सिंह, डीएसपी ट्रैफिक के.आर. चौहान, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, एसडीएम रितु राज सिंह बिसेन, तहसीलदार जयश्री राजन, भीष्म पटेल, जनपद सीईओ हरजीत सिंह भाटिया, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सुदर्शन सिंह सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। रैली के समापन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सुदर्शन सिंह ने सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा जीवन सुरक्षा से जुड़ा विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि “सर सलामत रहे तो जीवन है, इसलिए हेलमेट का उपयोग केवल औपचारिकता नहीं बल्कि सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है।” उन्होंने यह भी बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े चिंताजनक हैं। वर्ष 2025 में 79 लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 82 लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। इनमें से कई मामलों में नशे की हालत में वाहन चलाना प्रमुख कारण पाया गया है। इस वर्ष मात्र साढ़े तीन महीनों में ही 29 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई है।
डीआईजी ने नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें, नशे की हालत में ड्राइविंग न करें और हमेशा यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने राजवीर योजना की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक रहने और सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता दिखाने का आग्रह किया। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रवीण गर्ग एवं एसडीओपी डॉ. ध्रुवेश जायसवाल द्वारा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम सक्रिय रही और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। नगरवासियों ने इस बाइक रैली को सड़क सुरक्षा के प्रति एक महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल बताते हुए इसकी सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।