सुशासन तिहार: बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित
छत्तीसगढ़
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आदेश और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर रायपुर नगर निगम जोन-4 में सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। रायपुर उत्तर और रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34, 43, 44, 45, 46, 57 एवं 64 के लिए सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में यह शिविर लगा।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए 20 आवेदकों को मौके पर ही भवन अनुज्ञा पत्र दिए गए। नागरिकों के आवेदन पर तुरंत प्राथमिकता और सामान्य श्रेणी के नए राशन कार्ड बनाकर दिए गए। नौनी सुरक्षा योजना में नन्हीं बालिकाओं का सम्मान किया गया। नवजात शिशुओं का अन्नप्रासन्न और गर्भवती माताओं की गोद भराई की रस्म भी निभाई गई।
कई वर्षों तक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुईं आंगनबाड़ी सहायिका प्रमिला यादव को शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। दोपहर 1 बजे तक शिविर में कुल 212 आवेदन मिले, जिनमें 17 शिकायतें थीं। नगर निगम जोन-4 ने सभी आवेदनों पर काम शुरू कर दिया है। राज्य शासन के निर्देश पर एक महीने के भीतर सभी आवेदनों का समाधान कर आवेदक को लिखित सूचना दी जाएगी।
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कहा कि अधिकारी सुशासन तिहार को गंभीरता से लें। यह कोई मीना बाजार नहीं है, बल्कि आमजनों का त्योहार है। इसमें उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान करना है। उन्होंने सुझाव दिया कि सफाई, पानी, स्ट्रीट लाइट, राशन कार्ड जैसी समस्याओं के लिए नगर निगम सभी जोनों में स्थायी व्यवस्था करे ताकि लोगों को भटकना न पड़े। रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ई-ऑटो रिक्शा खरीदा है और उससे दौरा कर रहे हैं। इससे देश हित में पेट्रोल और डीजल की बचत हो रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से ई-वाहन खरीदने की अपील की।
निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने कहा कि सफाई, पानी, लाइट जैसे कामों के लिए लोगों को शिविर में नहीं आना पड़े, ऐसी व्यवस्था सभी जोनों में होनी चाहिए। जोन कमिश्नर और अधिकारी अपना काम ठीक से करें। शिविर में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, सभापति सूर्यकान्त राठौड़, आयुक्त संबित मिश्रा, अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।