Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से गैस सिलेंडर चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन इलाके में सिलेंडर डिलीवरी करने पहुंचे डिलीवरी ब्वॉय के वाहन से एक अज्ञात मोपेड सवार युवक ने सिलेंडर चोरी कर लिया। चोरी की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक डिलीवरी ब्वॉय दो गैस सिलेंडर लेकर पुलिस लाइन पहुंचा था। इसी दौरान एक मोपेड सवार युवक मौके पर आया और झटपट एक सिलेंडर उठाकर अपने वाहन पर रखकर फरार हो गया। घटना के बाद डिलीवरी करने वाला युवक हक्का-बक्का रह गया।
उसने तुरंत इस मामले की जानकारी सिटी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले युवक तक पहुंचा जा सके। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ती चोरी की घटनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर दिनदहाड़े इस तरह की वारदात होना लोगों के लिए चिंता का विषय है। वहीं, सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो को देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं कि आखिर चोर इतने बेखौफ कैसे हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।