अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाला गिरोह पकड़ा गया

छग

Update: 2026-05-21 14:55 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र के अंतर्गत थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रार्थी को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग करने का आरोप है।
यह मामला DCP सेंट्रल ज़ोन के निर्देश पर सामने आया, जिसमें थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 289/26 के तहत धारा 308(2), 3(5) बीएनएस तथा 67 आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी को 20 मई 2026 की शाम करीब 05:27 बजे एक अनजान मोबाइल नंबर से मिस कॉल आया था। जब प्रार्थी ने कॉल बैक किया तो आरोपी पक्ष ने एक वीडियो भेजने की बात कही। इसके बाद दूसरे मोबाइल नंबर से एक अश्लील वीडियो भेजा गया, जिसे देखकर प्रार्थी घबरा गया।
कुछ समय बाद फिर से उसी नंबर से कॉल कर प्रार्थी को धमकी दी गई कि यदि उसने पैसे नहीं दिए तो वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर उसकी बदनामी की जाएगी। आरोपियों ने बदनामी से बचने के लिए 50,000 रुपये की मांग की। जब प्रार्थी ने पैसे देने से इनकार किया, तो उसे लगातार धमकियां दी जाने लगीं।
इसके बाद पीड़ित ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश देकर कुल छह आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके मोबाइल फोन तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में तामेश्वर सोनवानी (19 वर्ष), राजकुमार कुर्रे (18 वर्ष), कोमल यादव (21 वर्ष), छोटू टंडन (20 वर्ष) और सैय्यद सैफ अली (30 वर्ष) सहित अन्य शामिल हैं। सभी आरोपी रायपुर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह एक संगठित गिरोह की तरह काम कर रहा था, जो लोगों को फंसाकर अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता था। प्रारंभिक जांच में अन्य पीड़ितों के सामने आने की संभावना भी जताई जा रही है।
रायपुर पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराध और ब्लैकमेलिंग के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी व्यक्ति को डराने-धमकाने या डिजिटल माध्यम से ब्लैकमेल करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और आरोपियों के मोबाइल डेटा को खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
Tags:    

Similar News