अंबिकापुर में गांधी स्टेडियम रोशन, मंत्री राजेश अग्रवाल ने जलाया आशीर्वाद का दीया
छग
Raipur रायपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के अंतर्गत प्रदेशभर में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया गया। घरों के साथ-साथ अमृत सरोवरों, शासकीय कार्यालयों, धार्मिक स्थलों एवं मंदिरों तथा चौक-चौराहों सहित अन्य स्थलों में पांच लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस दौरान सेवा, समर्पण, आभार, सकारात्मकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
इसी कड़ी में अंबिकापुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम गांधी स्टेडियम में आयोजित हुआ। यहां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर इस अभियान में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में प्रकाश, आशा, सद्भाव और सकारात्मकता का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सरगुजा की जनता की ओर से जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रारंभ होकर 17 अक्टूबर तक एक माह चलेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति शासकीय योजना के लाभ से वंचित है, तो शासन और प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
सेवा का अर्थ समाज के अंतिम व्यक्ति तक संवेदना, अवसर और विकास पहुंचाना है। हमारा संकल्प है कि शासन की हर योजना पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, शिक्षा का प्रकाश हर घर तक पहुंचे, प्रतिभाओं को मंच मिले।अग्रवाल ने कहा कि इन 25 वर्षों में सरगुजा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, जनजाति विकास, ग्रामीण विकास, सड़क एवं अधोसंरचना, रोजगार एवं कौशल विकास, स्वच्छता, जल संरक्षण और सामाजिक जागरूकता सहित अनेक क्षेत्रों में परिवर्तन की यात्रा तय की है। विकास की असली पहचान जनता की मुस्कान, बच्चों की शिक्षा, किसान की प्रगति, महिलाओं के आत्मविश्वास और युवाओं के रोजगार से होती है। मंत्री अग्रवाल ने आह्वान किया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाएं। आशीर्वाद का दीया जलाएं, सेवा के संकल्प को दोहराएं और सरगुजा की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं।