CG: ढोंगी निर्मल बाबा गिरफ्तार, दुष्कर्म और वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल का आरोप
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में चमत्कार और इलाज का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने और उसके अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 11 अप्रैल को पामगढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी खुद को ‘निर्मल बाबा’ बताकर पामगढ़ क्षेत्र के एक गांव में आया था। उसने लोगों की समस्याएं दूर करने और चमत्कारी इलाज करने का दावा किया। इसी दौरान पीड़िता अपनी सहेली के साथ उससे मिलने पहुंची, जहां आरोपी ने उसका हाथ देखकर शरीर के दर्द का इलाज करने का भरोसा दिया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया।
आरोप है कि 26 मार्च को आरोपी ने पीड़िता को पामगढ़ बाजार में बुलाया। प्रसाद खिलाकर उसे अपने साथ जाने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद वह उसे बिलासपुर से ट्रेन के जरिए मध्यप्रदेश के मैहर ले गया। वहां एक होटल में ठहराकर इलाज के नाम पर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए। पीड़िता के घर लौटने के बाद आरोपी लगातार उसे फोन कर परेशान करने लगा। जब पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए। इसके बाद पीड़िता ने दोबारा पुलिस से संपर्क किया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पामगढ़ पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का लोकेशन हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में मिला। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।