Raigarh. रायगढ़। जिले में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत जोबी पुलिस ने महिला से छेड़खानी, मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम ओंगना का सरपंच अमित राठिया भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चौकी जोबी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय महिला ने 28 अगस्त 2026 को चौकी जोबी में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 27 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह अपने घर में थी। इसी दौरान अमित राठिया, अनिल कुमार राठिया, धनसिंह राठिया और इगेन्द्र राठिया वहां पहुंचे। महिला के मुताबिक, आरोपियों ने पूर्व रंजिश को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद हाथ-मुक्के से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
कपड़े खींचने और छेड़खानी का आरोप
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी इज्जत लेने के उद्देश्य से उसके कपड़े खींचकर उतारने का प्रयास किया। महिला किसी तरह घर से निकलकर गली में पहुंची। आरोप है कि वहां अनिल राठिया ने उसे पीछे से पकड़ लिया, जबकि अमित राठिया और धनसिंह राठिया उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े खींचने लगे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इगेन्द्र राठिया मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो बना रहा था। महिला की आवाज सुनकर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने ग्रामीणों के साथ भी मारपीट की।
चारों आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी जोबी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी। अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। महिला की शिकायत पर चौकी जोबी, थाना खरसिया में धारा 296, 351(3), 115(2), 76 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दो बाइक और मोबाइल जब्त
पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपियों के कब्जे एवं घटनास्थल से अपराध में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स और पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इसके अलावा घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए इस्तेमाल किए गए ओप्पो मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जब्त किया है। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित राठिया पिता बलदेव सिंह, उम्र 36 वर्ष, अनिल कुमार राठिया पिता बलदेव सिंह, उम्र 30 वर्ष, धनसिंह राठिया पिता जेठूराम, उम्र 52 वर्ष और इगेन्द्र राठिया पिता धनसिंह, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी अमित राठिया ग्राम ओंगना का सरपंच है, जबकि अन्य आरोपी अलग-अलग गांवों और जोबी क्षेत्र के निवासी हैं।
एसएसपी ने दिया सख्त कार्रवाई का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस की नीति स्पष्ट है। महिला संबंधी शिकायतों पर तत्काल, संवेदनशील और कानूनसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘अभियान संवेदना’ के तहत हुई इस कार्रवाई से पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई का संदेश दिया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
Tags: