रायपुर में ओडिशा के अंतर्राज्यीय तस्कर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-01-03 13:20 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ओडिशा के एक अंतर्राज्यीय तस्कर सहित कुल चार आरोपियों को गांजा और प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आरंग पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, प्रतिबंधित कफ सिरप और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 6 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाना और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करना है। पुलिस को 3 जनवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक चारपहिया वाहन में कुछ लोग प्रतिबंधित कफ सिरप और मादक पदार्थ गांजा लेकर महासमुंद से रायपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना आरंग पुलिस की संयुक्त टीम ने आरंग क्षेत्र अंतर्गत लखौली स्थित पुराने टोल प्लाजा के पास नाकेबंदी और चेकिंग प्वाइंट लगाया। कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का पिकअप वाहन मौके पर पहुंचा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोक लिया। वाहन में कुल चार लोग सवार थे। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम डिलेश्वर मेहर निवासी ओडिशा, लेखू सिन्हा, निखिल सिन्हा और योगेश ध्रुव निवासी रायपुर बताया। पुलिस टीम द्वारा जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें प्रतिबंधित कफ सिरप कोडिन फॉस्फेट की 75 शीशियां और करीब 1 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 04 एन डी 6040 को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उनके पास से नशे से संबंधित सामग्री बरामद होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे और ओडिशा से गांजा तथा प्रतिबंधित सिरप लाकर रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में खपाने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपियों में डिलेश्वर मेहर पिता मोहनलाल मेहर (19 वर्ष), निवासी लोहरा चट्टी थाना सोहेला जिला बरगढ़ (ओडिशा) शामिल है, जो इस गिरोह का मुख्य कड़ी बताया जा रहा है। वहीं अन्य आरोपी लेखू सिन्हा (22 वर्ष), निखिल सिन्हा (19 वर्ष) और योगेश ध्रुव (25 वर्ष) सभी गंगानगर भनपुरी थाना खमतराई, रायपुर के निवासी हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना आरंग में अपराध क्रमांक 08/26 के तहत धारा 21(सी) और 20बी नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। रायपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News