Bilaspur. बिलासपुर। जिले में एलपीजी सिलेंडरों की अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार, 18 मार्च 2026 को एक बड़ी कार्रवाई की गई। शहर के मधुबन एवं दयालबंद क्षेत्र के पास, मुक्तिधाम के समीप विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई कर भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर एवं संबंधित उपकरण जब्त किए। खाद्य विभाग के खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि इस कार्रवाई में 14.2 किलोग्राम के 100 एलपीजी सिलेंडर, 5 किलोग्राम के 263 गैस सिलेंडर, चूल्हा बर्नर, 8 बोरियों में रेगुलेटर, 6 कार्टन और 25 नग खुले में रखे प्रेशर वाल्व (5-5 के बंडल में) जब्त किए गए। यह सभी सामग्री अवैध रूप से भंडारित की गई थी और कालाबाजारी के उद्देश्य से रखी गई थी।

मौके पर ही सभी वस्तुओं को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। अमृत कुजूर ने बताया कि जिले में एलपीजी वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी है। अब तक आठ प्रकरणों में कुल 310 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। खाद्य नियंत्रक ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या कालाबाजारी की चिंता न करें। जिले की सभी 35 गैस एजेंसियों में एलपीजी सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है। नागरिक निर्धारित दरों और नियमानुसार बुकिंग कर गैस सिलेंडर आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कालाबाजारी या अवैध भंडारण करने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की टीमें लगातार निगरानी और जांच कर रही हैं। किसी भी शिकायत के मिलते ही तत्काल छापेमार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से यह संदेश भी स्पष्ट हुआ कि प्रशासन अवैध कारोबारियों को छूट नहीं देगा और जिले में एलपीजी की आपूर्ति सुरक्षित, सुचारु और पारदर्शी बनी रहेगी। अमृत कुजूर ने कहा कि जनता का सहयोग भी इस अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण है। लोग किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी खाद्य विभाग को तुरंत दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। खाद्य विभाग की इस पहल से बिलासपुर जिले में एलपीजी आपूर्ति में विनियम और अनुशासन कायम रहेगा। आगामी दिनों में भी इसी प्रकार के विशेष अभियान चलाए जाएंगे ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को रोकने में सफलता मिल सके। इस छापेमारी के बाद जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर कड़ा संदेश गया है। विभाग का कहना है कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।
Tags: