Khairagarh-Chhuikhadan-Gandai. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। दनिया पुल के पास बाढ़ के तेज बहाव में फंसे पांच लोगों को गंडई पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। कार के पानी में फंसने के बाद पांचों लोगों ने एक पेड़ की टहनी पकड़कर खुद को बचाए रखा और डायल 112 पर मदद मांगी। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर गेंडले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर एक-एक कर सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना 26 सितंबर 2026 की रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई गई है। पुलिस के अनुसार, रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र के रहने वाले पांच दोस्त स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर रायपुर से मध्यप्रदेश के कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे। कार में कुबेर, कमलेश, निहाल, महक और प्रीति सवार थे। कुबेर कार चला रहा था। इस दौरान वे केसीजी जिले के दनिया पुल के पास पहुंचे। भारी बारिश के कारण क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई थी और पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। रात का अंधेरा होने के कारण कार सवार पानी की गहराई और बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा पाए।
पुलिस के मुताबिक, उनकी कार वहां लगाए गए पुलिस स्टॉपर से टकराने के बाद पुल से नीचे उतर गई और तेज बहाव में फंस गई। पानी का स्तर बढ़ने के कारण कार डूबने लगी। स्थिति बिगड़ती देखकर कार में सवार पांचों लोग किसी तरह बाहर निकले और पास में मौजूद एक पेड़ की टहनी पकड़कर खुद को पानी के बहाव से बचाए रखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर गेंडले अपने स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर तेज बहाव के बीच पांचों लोग फंसे हुए थे।
पुलिस के अनुसार, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने पानी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने पुलिस टीम के सहयोग से एक-एक कर पांचों लोगों को तेज बहाव से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू के बाद सभी पांच लोग सुरक्षित बताए गए। बचाए गए लोगों ने पुलिस टीम और थाना प्रभारी के प्रति आभार जताया। उनका कहना था कि रात के अंधेरे और तेज बहाव के बीच वे मुश्किल स्थिति में फंस गए थे और समय पर पुलिस की मदद मिलने से उनकी जान बच सकी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक केसीजी ने गंडई थाना प्रभारी और बचाव अभियान में शामिल पूरी पुलिस टीम के कार्य की सराहना की। पुलिस ने घटना के बाद लोगों से बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की है। लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर पुल एवं सड़क के ऊपर से पानी बहने की स्थिति बन सकती है। जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी पुल या सड़क के ऊपर पानी बह रहा हो तो उसे पार करने का प्रयास न करें। पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना मुश्किल हो सकता है और थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस ने आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर संपर्क करने की सलाह दी है। दनिया पुल की घटना में समय पर सूचना मिलने और पुलिस के तत्काल मौके पर पहुंचने से पांचों लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
Tags: