रायपुर: सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के अधिकारियों समेत कई बड़े लोगों को लेकर आपत्तिजनक और गलत जानकारी वाली पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया है। इस मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

शिकायतकर्ता ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इसके प्रसार से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच में मिले तथ्यों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ता अमन यादव, निवासी श्याम नगर तेलीबांधा ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम से संचालित अकाउंट से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं।
आरोप है कि इन पोस्ट में छत्तीसगढ़ की जनता के साथ-साथ समाज और प्रशासन से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों के खिलाफ अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इन अकाउंट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कुछ अधिकारियों के वीडियो भी शेयर कर उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, पोस्ट और वीडियो इस तरह तैयार कर सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं, जिससे संबंधित लोगों की सार्वजनिक और सामाजिक छवि प्रभावित हो सकती है। साथ ही ऐसी सामग्री से सोशल मीडिया यूजर्स के बीच संबंधित लोगों के व्यक्तित्व और कार्यप्रणाली को लेकर गलत या भ्रामक धारणा बन सकती है।
अमन यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि किसी व्यक्ति की आलोचना या टिप्पणी करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा हो सकता है। लेकिन जानबूझकर झूठी, भ्रामक, अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना अलग मामला है।
उन्होंने पुलिस से दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर उनके संचालकों की पहचान करने और मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पोस्ट और वीडियो की सामग्री, अकाउंट संचालकों की पहचान और सोशल मीडिया पर इसके प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags: