Baloda Bazar-Bhatapara. बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। मामले में न्यायालय ने आरोपी वाहन चालक पर 22 हजार 500 रुपये का अर्थदंड लगाया है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार यातायात पुलिस द्वारा ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम गोरधा रोड स्कूल के पास एक बाइक चालक को तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए रोका गया। जांच में चालक शराब के नशे में पाया गया। इसके अलावा वाहन बिना नंबर प्लेट के था और चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जीवराखन कैवर्त पिता फूल सिंह उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम गोरधा, थाना कसडोल, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की और प्रकरण को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने आरोपी को शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में कुल 22 हजार 500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता है। नशे की हालत में वाहन चालक अपनी और दूसरे लोगों की जान खतरे में डालते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत आगे भी लगातार जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस द्वारा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसमें बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, तेज रफ्तार वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन जरूरी है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।