रायपुर में मारपीट, मकान मालिक की बेटी पर मजदूर महिला ने लगाया गंभीर आरोप

छग

Update: 2025-08-23 15:30 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के अक्षत विहार बोरिया खुर्द इलाके से एक गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाली एक महिला ने अपने मकान मालिक की बेटी पर मारपीट और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस से उचित कार्यवाही की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अक्षत विहार बोरिया खुर्द में रहती है और रोजी-मजदूरी का काम करती है। उसने बताया कि 22 अगस्त 2025 की शाम करीब 6 बजे उसका मकान मालिक की लड़की लक्ष्मी ढीमर उसकी बेटी काव्या निषाद को बेवजह गाली-गलौज कर रही थी। जब पीड़िता ने इस पर आपत्ति जताई और गाली देने से मना किया तो लक्ष्मी ढीमर ने उसे भी गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।

पीड़िता के मुताबिक, आरोपित ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि हाथ-मुक्कों से मारपीट भी की। इस दौरान लक्ष्मी ने उसे सीढ़ी से धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे जमीन पर गिर गई। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून भी निकला। इसके अलावा पीड़िता ने बताया कि मारपीट की वजह से उसके हाथ, पैर और पीठ में भी दर्द हो रहा है। घटना के वक्त आसपास के लोग मौजूद थे, जिन्होंने इस पूरे मामले को देखा और सुना। घायल महिला ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने अपने पति कन्हैया निषाद को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद वह थाने पहुंची और पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा। मामले की जांच शुरू हो गई है और पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ बयान और सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान मालिक और किरायेदार के बीच विवाद की स्थिति पहले भी कई बार सामने आई थी, लेकिन इस बार मामला मारपीट और चोट तक पहुंच गया है। क्षेत्रीय निवासियों का मानना है कि पुलिस को इस प्रकार के मामलों में तुरंत और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। फिलहाल, पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मकान मालिक की बेटी लक्ष्मी ढीमर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
Tags:    

Similar News