महिला डॉक्टर ने डॉ पति पर लगाया मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप

छग

Update: 2026-04-18 14:16 GMT
Raipur. रायपुर। शहर के सुंदर नगर इलाके में रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता, जो बक्शी डेंटल क्लीनिक के नाम से अपना क्लीनिक संचालित करती हैं, ने बताया कि उनकी शादी को करीब 15 वर्ष हो चुके हैं और उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। महिला के अनुसार, शादी के कुछ महीनों बाद से ही उनके पति शलभ बक्शी का व्यवहार बदल गया और वे अक्सर नशे की हालत में घर आकर विवाद करने लगे।

शिकायत में बताया गया है कि आरोपी पति आए दिन नशा करने के बाद गाली-गलौज करते हैं और कई बार मारपीट भी कर चुके हैं। महिला ने आरोप लगाया कि 16 अप्रैल 2026 की रात करीब 11:30 बजे भी पति ने नशे की हालत में उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही हाथ और मुक्कों से मारपीट की, जिससे महिला को गर्दन के नीचे, सीने और बाएं हाथ में चोटें आई हैं। पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिचितों प्रमिला चौहान और अमर यादव को भी दी है। इसके बाद उन्होंने थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और मेडिकल परीक्षण सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और आरोपों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में घरेलू विवाद और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाती है और पीड़ित को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाता है।
Tags:    

Similar News